Bokaro News: 24 घंटे में न्याय: पुलिस की बड़ी सफलता, महिला की गला रेतकर हत्या करने वाला आरोपी दबोचा गया
अभियुक्त पिंटू महतो के विरुद्ध दर्ज हुई थी प्राथमिकी
बेरमो एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने नावाडीह थाना क्षेत्र के चपरी में हुई महिला की हत्या का उद्भेदन करते हुए आरोपी पिंटू महतो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है।
तेनुघाट: बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने 14 मई को प्रेस वार्ता कर नावाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चपरी में महिला की हुई हत्या का उद्भेदन किया। एसडीपीओ सिंह ने पत्रकारों को बताया कि विगत 12 मई को नावाडीह थाना अंतर्गत चपरी में एक महिला को कुएं के पास नहाने के दौरान छेड़खानी करने एवं गला काट कर हत्या कर देने की सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त जानकारी पर नावाडीह थाना कांड संख्या 36/2026, अपराध की धारा 103(1) बी एन एस के तहत नावाडीह थाना कांड में प्राथमिकी अभियुक्त चपरी निवासी पिंटू महतो के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया।
बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह के नेतृत्व में एक एस आई टी टीम का गठन कर कांड में संलिप्त अभियुक्त को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया। जिसके आलोक में तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर कांड में संलिप्त अभियुक्त पिंटू कुमार महतो को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया गया तथा अभियुक्त के निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त धारदार ख़ून लगे चाकू को जप्त किया गया।
