Hazaribagh News: ब्राउन शुगर पर प्रहार: पुलिस ने 169 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ तीन को दबोचा
महिला समेत तीन आरोपियों को भेजा गया जेल
हजारीबाग पुलिस ने पेलावल ओपी क्षेत्र के पबरा गांव में छापेमारी कर 169 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं।
हजारीबाग: पेलावल ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पबरा में पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 169 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक को 14 मई 2026 की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि पबरा गांव में अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पबरा स्थित बोंगा रोड जंगल क्षेत्र से अविनाश कुमार और संदीप कुमार उर्फ निक्की को 169 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि किरण कुमारी उर्फ काजल कुमार द्वारा उन्हें ब्राउन शुगर की सप्लाई की जाती थी। इसके बाद पुलिस ने किरण कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
