Koderma News: 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ भव्य समापन
डीटीओ ने कैडेट्स को सिखाए सड़क सुरक्षा और समय प्रबंधन के गुर
कोडरमा के राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में आयोजित 45 झारखंड बटालियन एनसीसी का 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर गुरुवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में राज्य के विभिन्न जिलों से आए 650 कैडेट्स ने हिस्सा लिया। समापन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि रमेश हर्षधर और विशिष्ट अतिथियों ने कैडेट्स को अनुशासन के साथ राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
कोडरमा: बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन गुरुवार को भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। शिविर में राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 650 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर एवं विशिष्ट अतिथि जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, प्रख्यात व्यवसायी उदय सोनी, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कोडरमा के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग के डॉ. भूपेंद्र कुमार तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के व्याख्याता मनोज यादव उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि रमेश हर्षधर ने एनसीसी कैडेट्स को अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं नेतृत्व क्षमता का प्रतीक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए समय प्रबंधन के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम की सफलता में सूबेदार मेजर जी. चौधरी, ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह, ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा एवं गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा सहित बटालियन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

