Koderma News: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने की कृषि व पशुपालन विभाग की समीक्षा, दिए कई निर्देश
उप विकास आयुक्त रवि जैन समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
कोडरमा उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं गव्य विकास विभाग की समीक्षा बैठक कर मंडुवा की खेती, अरहर विस्तार और मखाना उत्पादन की नई कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना और केसीसी ऋणों के त्वरित निष्पादन पर बल दिया गया।
कोडरमा: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सोमवार को कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं गव्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में कृषि विभाग की योजनाओं, जैसे बीज विनिमय योजना, झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना, खरीफ बीज वितरण, मृदा जांच, किसान समृद्धि योजना, किसान गोष्ठी, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना के तहत मंडुवा की खेती को बढ़ावा दिया जाए।
साथ ही अरहर की खेती के विस्तार के साथ-साथ माखाना उत्पादन की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर किसानों को ऋण सुविधा से आच्छादित किया जाए। मशरूम एवं स्ट्रॉबेरी उत्पादन संबंधी परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने जेएसएलपीएस के माध्यम से मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.


