मालदा रेलमंडल में चला विशेष टिकट जांच अभियान, 83 मामलों में 42,020 का जुर्माना
डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में चला अभियान
मालदा रेलमंडल द्वारा साहिबगंज समेत कई स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग और आरपीएफ की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की।
साहिबगंज : मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक की देख-रेख में, मालदा मंडल के साहिबगंज, शिवनारायणपुर, मिर्जाचौकी, बरहरवा और पीरपैंती रेलवे स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों में अनुशासन बनाए रखना, अनधिकृत यात्रा रोकना तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
अभियान में वाणिज्य निरीक्षक एवं अन्य टिकट जांच कर्मियों और आरपीएफ की टीमों ने सक्रिय सहभागिता की और यात्रियों के वैध टिकट होने की जांच की। अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल, 13071 हावड़ा जमालपुर एक्सप्रेस, 53416 जमालपुर-साहिबगंज पैसेंजर एवं अन्य पैसेंजर ट्रेनों में कुल 83 बिना टिकट यात्रियों का पता चला और उनसे कुल 42,020/- की जुर्माना राशि प्राप्त की गई। यह अभियान स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि मालदा मंडल अपने यात्रियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्ध है।

