Hazaribagh News: अमनारी में मिट्टी का पुराना घर धंसा, चांदी के सिक्कों से भरा कलश मिलने की सूचना से मचा हड़कंप
बारिश के दौरान जर्जर मिट्टी के घर की दीवार ढहने के बाद कलश बाहर आने की बात सामने आई
हजारीबाग के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के अमनारी गांव में पुराना मिट्टी का घर धंसने के बाद कथित तौर पर चांदी के पुराने सिक्कों से भरा कलश मिलने की सूचना से इलाके में कौतूहल फैल गया। लगातार बारिश के कारण जर्जर मकान की दीवार का एक हिस्सा गिर गया। ग्रामीणों के अनुसार, इसके बाद मिट्टी का एक कलश बाहर आया, जिसके टूटने पर बड़ी संख्या में पुराने सिक्के जमीन पर बिखर गए।
हजारीबाग: थाना क्षेत्र के अमनारी गांव में शुक्रवार को एक पुराना मिट्टी का घर धंसने के बाद चांदी के पुराने सिक्के मिलने की सूचना से इलाके में कौतूहल मच गया। दीवार गिरने के बाद मिट्टी का एक कलश बाहर आया, जिसके टूटने पर बड़ी संख्या में पुराने सिक्के जमीन पर बिखर गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, उक्त मिट्टी का मकान बढ़न महतो और रामचंद्र महतो का बताया जा रहा है। लगातार बारिश के कारण मकान की जर्जर दीवार का एक हिस्सा अचानक ढह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलश से निकले सिक्कों का कुल वजन करीब 3 से 4 किलोग्राम होने का अनुमान है। हालांकि सिक्कों की वास्तविक संख्या, धातु और प्राचीनता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने स्थल की सुरक्षा और सिक्कों की वास्तविकता एवं ऐतिहासिक महत्व की जांच के लिए प्रशासन से पुरातत्व अथवा संबंधित विशेषज्ञ टीम भेजने की मांग की है। फिलहाल प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिक्के कितने पुराने हैं और उनका वास्तविक ऐतिहासिक अथवा पुरातात्विक महत्व क्या है।









