Hazaribagh News: रामनवमी जुलूस बना खूनी मैदान मामूली विवाद में अधेड़ की चाकू मारकर हत्या
डीजे विवाद ने ली जान, कंडसार स्टेशन से पकड़े गए कातिल
गदोखर इलाके में रामनवमी जुलूस के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में रामकुमार साव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपी करन यादव ने टोकने पर तैश में आकर वारदात को अंजाम दिया। पेलावल थाना पुलिस और एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी करन, उसके साथी 'छोटा डॉन' और पिता अरुण यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सनी भुजाली भी बरामद कर ली है।
हजारीबाग: गदोखर इलाके में रामनवमी की रात उस वक्त मातम में बदल गई, जब आस्था और उत्साह से भरा जुलूस अचानक हिंसा की चपेट में आ गया। रात करीब 12:30 बजे डीजे की धुन पर चल रहे जुलूस में एक छोटा सा विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है और लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि जुलूस के दौरान करन यादव डीजे पर चढ़कर नाच रहा था।
उसी दौरान रामकुमार साव ने उसे डीजे से नीचे उतरने और संयम बरतने को कहा। यह बात करन यादव को इतनी नागवार गुजरी कि उसने गुस्से में आकर रामकुमार साव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और खतरनाक था कि रामकुमार साव को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस ने हालात को नियंत्रण में बताते हुए अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक छोटे-छोटे विवाद इतनी बड़ी हिंसा का रूप लेते रहेंगे।
