धनवार में केंद्रीय विद्यालय का ऐतिहासिक शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने काटा फीता
दो वर्षों के भीतर बनकर तैयार होगा परमानेंट कैंपस
गिरिडीह के धनवार में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और उपायुक्त रामनिवास यादव ने केंद्रीय विद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया, जिससे स्थानीय बच्चों को अब उच्च शिक्षा के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। वर्तमान में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शुरू हुए इस विद्यालय का अपना भव्य व अत्याधुनिक भवन आगामी दो वर्षों में तैयार कर लिया जाएगा।
गिरिडीह: जिले के धनवार प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और ऐतिहासिक शुरुआत करते हुए केंद्रीय विद्यालय धनवार के संचालन का विधिवत शुभारंभ एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद, अन्नपूर्णा देवी तथा उपायुक्त, रामनिवास यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अतिथियों ने उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


धनवार में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एक अत्यंत सराहनीय एवं ऐतिहासिक पहल है: उपायुक्त, रामनिवास यादव
इस अवसर पर उपायुक्त, रामनिवास यादव ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि धनवार में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एक अत्यंत सराहनीय एवं ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि फिलहाल विद्यालय का संचालन वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रारंभ किया गया है, जबकि आगामी दो वर्षों के भीतर विद्यालय का अपना भव्य एवं अत्याधुनिक भवन बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि नामांकन प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों, इसकी व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी जिले के समग्र विकास का आधार होती है और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


