Giridih News: खनिज विधेयक के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन, बनियाडीह में पीएम मोदी का पुतला फूंका
झामुमो गिरिडीह पूर्वी-पश्चिमी और कोलियरी मजदूर यूनियन ने संयुक्त रूप से किया प्रदर्शन
गिरिडीह के बनियाडीह में खान और खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने प्रदर्शन किया। झामुमो गिरिडीह पूर्वी, गिरिडीह पश्चिमी और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन की क्षेत्रीय समिति ने संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
गिरिडीह : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गिरिडीह प्रखंड कमेटी ने खान और खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। बुधवार को झामुमो गिरिडीह पूर्वी, गिरिडीह पश्चिमी और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन की क्षेत्रीय समिति गिरिडीह की ओर से संयुक्त रूप से बनियाडीह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया।
इस दौरान झामुमो केंद्रीय कमेटी के सदस्य दिलीप मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार खान और खनिज संशोधन विधेयक के जरिए झारखंड को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि विधेयक लागू होने से राज्य को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है और विकास कार्य प्रभावित होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को विधेयक के प्रावधानों और पार्टी के विरोध से अवगत कराने की अपील की।
युवा मोर्चा के जिला संगठन सचिव मेहताब मिर्जा ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में झामुमो कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को खान और खनिज संशोधन विधेयक के बारे में जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को इसके संभावित प्रभावों के बारे में बताया जा रहा है।
वहीं, झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन क्षेत्रीय कमेटी गिरिडीह के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू और सचिव तेजलाल मंडल ने चेतावनी दी कि यदि खान और खनिज संशोधन विधेयक वापस नहीं लिया गया तो गिरिडीह से कोयले की ढुलाई रोकने के लिए आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में गिरिडीह पूर्वी के प्रखंड अध्यक्ष प्रधान मुर्मू, सचिव सरफ्फूदीन अंसारी, गिरिडीह पश्चिमी के प्रखंड अध्यक्ष अनवर अंसारी समेत अर्जुन रवानी, नरेश यादव, प्रकाश यादव, नारायण दास, जगत पासवान, सीताराम मांझी, चुडका हांसदा, किशोर राम, सुरेंद्र दास, खुबलाल दास, सुनील दास, मनोज मंडल और सचिन वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।










