Giridih News: योगीटांड़ में सड़क धंसने का खतरा, भूमिगत गोफ भरने के लिए कोयला मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग
राष्ट्रीय राजमार्ग पथ प्रमंडल धनबाद ने क्षेत्र को CCL के खनन क्षेत्र से प्रभावित बताया
गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग (NH-114A) पर योगीटांड़ और गिरिडीह स्टेडियम के समीप सड़क की खराब स्थिति और नीचे स्थित भूमिगत गोफ के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। करीब दो वर्षों से सड़क क्षतिग्रस्त और संकरी होने के कारण वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गिरिडीह : गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग (NH-114A) पर योगीटांड़, गिरिडीह स्टेडियम के समीप पिछले करीब दो वर्षों से सड़क के क्षतिग्रस्त और अत्यंत संकरा होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। जनसुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले को लेकर सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव को पत्र भेजकर सड़क के नीचे स्थित भूमिगत गोफ को अविलंब भरवाने और इसके बाद सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पथ प्रमंडल, धनबाद के कार्यपालक अभियंता के अनुसार संबंधित क्षेत्र सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के खनन क्षेत्र से प्रभावित है। सड़क के नीचे मौजूद गोफ की भराई CCL द्वारा किए जाने के बाद ही सड़क की स्थायी मरम्मत संभव हो सकेगी।संकरी सड़क से बढ़ा दुर्घटना का खतरा

संयुक्त तकनीकी सर्वेक्षण और गोफ भराई की मांग
पत्र में संबंधित स्थल का तत्काल संयुक्त तकनीकी सर्वेक्षण कराने, भूमिगत गोफ की स्थिति और विस्तार का वैज्ञानिक आकलन करने तथा सुरक्षित इंजीनियरिंग मानकों के अनुरूप उसकी अविलंब भराई कराने की मांग की गई है। गोफ की भराई के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित एजेंसी द्वारा सड़क की स्थायी और वैज्ञानिक तरीके से मरम्मत सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
वहीं, स्थायी समाधान होने तक दुर्घटना की आशंका को कम करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बैरियर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।
सात दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू कराने का आग्रह
सुनील खंडेलवाल ने कोयला मंत्रालय से सात दिनों के भीतर स्थल निरीक्षण और गोफ भराई की कार्रवाई शुरू कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में सड़क की स्थायी मरम्मत सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए सुश्री चेतना शुक्ला, उप महानिदेशक (Deputy Director General), कोयला मंत्रालय, नई दिल्ली के पास भी अग्रसारित किया गया है।
जनहित में सुनील खंडेलवाल ने मांग दोहराई है कि किसी दुर्घटना या जनहानि की प्रतीक्षा करने के बजाय सड़क के नीचे स्थित भूमिगत गोफ को तत्काल भरकर दुर्घटना की संभावना को समाप्त किया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो वर्षों से बनी यह स्थिति अब तत्काल प्रशासनिक और तकनीकी हस्तक्षेप की मांग कर रही है।
Related Posts


Latest News








