JPSC विवाद: भाजपा के झारखंड बंद का पलामू में भी असर, कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
भाजपा के संपूर्ण झारखंड बंद के समर्थन में मेदिनीनगर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन।
झारखंड सरकार की कथित पुलिस कार्रवाई और अभ्यर्थियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के आहूत संपूर्ण झारखंड बंद का पलामू में भी असर देखने को मिला। मेदिनीनगर के छहमुहान, रेडमा, बैरिया चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
पलामू: झारखंड सरकार की कथित पुलिस कार्रवाई और अभ्यर्थियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आहूत ‘संपूर्ण झारखंड बंद’ का मंगलवार को पलामू में भी असर देखने को मिला। बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के छहमुहान, रेडमा, बैरिया चौक समेत कई प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों को जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई वाहन जाम में फंसे रहे।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता सुबह करीब आठ बजे सड़कों पर उतरे। हाथों में पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया और सड़क से गुजर रहे वाहनों को रोक दिया। इसके कारण कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर टायर जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने और कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार घोटालों में संलिप्त है और छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सोमवार को झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को भी निशाना बनाया गया।
तिवारी ने कहा कि पार्टी के नेता छात्र नेताओं को समर्थन देने के लिए आंदोलन स्थल पर पहुंचे थे, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की कथित तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि आम जनता सरकार के रवैये से अवगत है और उसके खिलाफ गोलबंद हो रही है। बंद के दौरान आयोजित धरना-प्रदर्शन में पार्टी के विभिन्न स्तरों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
Related Posts
Latest News


