Giridih News: SIR-2026 को लेकर गिरिडीह में जागरूकता अभियान तेज, एचई हाई स्कूल में छात्रों से रूबरू हुए उपायुक्त
1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने एचई हाई स्कूल का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को SIR-2026, मतदाता पंजीकरण, प्रारूप मतदाता सूची, दावा-आपत्ति प्रक्रिया और Electoral Literacy Club की भूमिका की जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
गिरिडीह : गिरिडीह जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को एचई हाई स्कूल का निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं से संवाद कर SIR-2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण), मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों को Electoral Literacy Club (ELC) की भूमिका, युवा मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को स्वयं मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के साथ-साथ अपने परिवार, आसपास के युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

ELC युवाओं में विकसित करेगा जिम्मेदार नागरिकता की भावना
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि Electoral Literacy Club (ELC) केवल मतदाता जागरूकता का मंच नहीं है, बल्कि युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक दायित्वों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने विद्यालय स्तर पर ELC की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि नियमित रूप से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और विशेष अभियान आयोजित किए जाएं तथा सभी पात्र छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही सशक्त लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं।
मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Related Posts


Latest News







