Palamu News: सूखे और कम बारिश के बीच किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगी पर्याप्त बिजली
लो-वोल्टेज और जर्जर तारों की मरम्मत
पलामू समाहरणालय में मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कम बारिश के बीच कृषि सिंचाई हेतु निर्बाध बिजली देने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले की 87 मेगावाट बिजली कमी दूर करने, ट्रांसफार्मर अपग्रेड करने और छत्तरपुर ग्रिड निर्माण में तेजी लाने पर निर्णय लिया गया।
पलामू: कम बारिश एवं भीषण गर्मी के कारण कृषि कार्य प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए बिजली आपूर्ति की समस्या के समाधान को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में वित्त, योजना एवं विकास, वाणिज्यकर एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि बिजली की कमी के कारण किसानों के सिंचाई कार्य प्रभावित न हों।
बैठक में मंत्री किशोर ने सबसे पहले पलामू जिले की कुल बिजली आवश्यकता एवं वर्तमान आपूर्ति की जानकारी ली। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले को करीब 270 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में 183 मेगावाट बिजली मिल रही है। इस प्रकार जिले में करीब 87 मेगावाट बिजली की कमी है।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन करीब 20 से 25 ट्रांसफार्मर जल रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। अधिकारियों ने बैठक में 200-200 की संख्या में 63 केवीए एवं 100 केवीए के ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग रखी। मंत्री ने इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने छत्तरपुर एवं नौडीहा बाजार में निर्माणाधीन विद्युत ग्रिड की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि छत्तरपुर ग्रिड निर्माण से संबंधित कुछ कार्य वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण लंबित हैं। इसके अलावा संवेदक द्वारा भी कार्य विलंब से शुरू किया गया है। मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को गति देने का निर्देश दिया।
बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, कृषि कार्य के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने तथा लो वोल्टेज एवं जर्जर विद्युत तारों की समस्या दूर करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मेदिनीनगर के महाप्रबंधक, अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल डालटनगंज एवं छत्तरपुर के कार्यपालक अभियंता समेत पाटन, छत्तरपुर एवं नौडीहा बाजार के प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News







