Dumka News: पोषण वाटिका से बेहतर होगा मातृ-शिशु स्वास्थ्य, दुमका में अमर कुमार का संदेश
आंगनबाड़ी केंद्रों में सात दिनों तक चलीं पोषण और स्तनपान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां
दुमका सदर प्रखंड सभागार में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह का प्रखंड स्तरीय समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और स्तनपान के महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई। अंचलाधिकारी सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अमर कुमार ने पोषण वाटिका की आवश्यकता पर जोर दिया। सप्ताहभर आंगनबाड़ी केंद्रों में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, गोद भराई, पोषण रंगोली और पोषण प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। समारोह में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों, सेविकाओं और सहायिकाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया
दुमका: महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से 1 से 7 अगस्त तक आयोजित विश्व स्तनपान सप्ताह का प्रखंड स्तरीय समापन समारोह शुक्रवार को दुमका सदर प्रखंड सभागार में आयोजित किया गया। बाल विकास परियोजना, दुमका सदर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा स्तनपान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अमर कुमार ने कहा कि शिशु के लिए मां का दूध जितना आवश्यक है, उतना ही महत्वपूर्ण माताओं का संतुलित आहार और बेहतर पोषण भी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित कर हरी साग-सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि माताओं और बच्चों को पौष्टिक आहार मिल सके।

समारोह के दौरान हरी साग-सब्जियों एवं मौसमी फलों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही नवजात शिशुओं और बच्चों के लिए टेडी बियर खिलौनों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षिका कमल हेंब्रम, तन्नू पंडा, आकांक्षा कुमारी, सपना लकड़ा और रिंकी कुमारी सहित प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाएं, सहायिकाएं, पोषण सखियां, गर्भवती एवं धात्री महिलाएं तथा किशोरियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। समारोह के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।









