Dumka News: बासुकीनाथ श्रावणी मेला तैयारियों की उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने की विस्तृत समीक्षा
शिवगंगा जल की स्वच्छता और नियमित शौचालय सफाई के निर्देश
दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने राजकीय श्रावणी मेला बासुकीनाथ धाम-2026 की तैयारियों की समीक्षा कर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु एआई ट्रैकिंग, स्वास्थ्य व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में राजकीय श्रावणी मेला बासुकीनाथ धाम-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि बाबा बासुकीनाथ पर जलार्पण करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखें।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बाइक एंबुलेंस चालक सहित 24×7 मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध रहे। सभी स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सक, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।


आवश्यकता होने पर 28 जुलाई से पूर्व अतिरिक्त बोरिंग कराई जाए तथा श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर प्याऊ (पानशाला) की व्यवस्था की जाए।टेंट सिटी में प्रतिदिन डिस्पोजेबल बेडशीट बदलने, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि मेला क्षेत्र के सभी स्थानों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रतिदिन विद्युत तारों की जांच कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए तथा सभी ट्रांसफॉर्मरों के चारों ओर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग कराई जाए।
भवन निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि मेला क्षेत्र में लगाए गए सभी पंडालों का प्रतिदिन निरीक्षण किया जाए तथा निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संवेदक के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए।सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा सभी कैमरों का लाइव एक्सेस कंट्रोल रूम में उपलब्ध रहे।
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी की जाएगी।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर खोया-पाया केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए। बिछड़े हुए व्यक्तियों को शीघ्र मिलाने के लिए एआई आधारित कैमरा प्रणाली का उपयोग किया जाएगा, जिससे तस्वीर के आधार पर उनकी पहचान एवं ट्रैकिंग आसान हो सकेगी। मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए प्रमुख स्थानों पर दिशासूचक (साइनेज) लगाए जाएंगे।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि रूट लाइन में पर्याप्त संख्या में शेड लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को धूप से राहत मिल सके। साथ ही पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित कर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।बैठक में उपस्थित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने तथा राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


