श्रावणी मेला 2026: डीसी-एसपी ने तैयारियों का किया संयुक्त निरीक्षण, समय पर कार्य पूरे करने के निर्देश
टेंट सिटी में स्वच्छता, सुरक्षा और बिजली व्यवस्था पर जोर
राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मेला क्षेत्र एवं कांवरिया रूटलाइन का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टेंट सिटी, पार्किंग, कांवरिया पथ, दुम्मा बॉर्डर और विभिन्न स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र एवं कांवरिया रूटलाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आईएसबीटी, कोठिया टेंट सिटी निर्माण स्थल, सरसा, भलुवा, परित्राण, दुम्मा बॉर्डर और कांवरिया पथ का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए बनने वाली टेंट सिटी में स्वच्छता, वेंटिलेशन, अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा और विद्युत ऑडिट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही शौचालयों की उचित दूरी, सुरक्षित विद्युत आपूर्ति और बेहतर सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मेला के दौरान वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए कोठिया, परित्राण, सरसा और भलुवा में पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्नानगृह, स्वास्थ्य शिविर, साउंड सिस्टम तथा सूचना संबंधी बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
दुम्मा बॉर्डर से खिजुरिया तक कांवरिया पथ का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने पूरे मार्ग पर महीन बालू बिछाने, बिजली के तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर करने, चापाकलों के आसपास सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा सभी निर्माण कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशासनिक शिविर, ओपी, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना-सहायता केंद्र, होल्डिंग प्वाइंट, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, स्नानगृह और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता देने को कहा।

Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


