Deoghar News: श्रावणी मेला 2026 को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने की एनएच कार्यों की समीक्षा
रेलवे ओवरब्रिज के समीप मरम्मत कार्य समयबद्ध करने पर जोर
देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के विकास, सौंदर्यीकरण और डिगरियां पहाड़ जैसे ब्लैक स्पॉट के सड़क सुरक्षा कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई।
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) द्वारा कराए जा रहे विकास एवं सुरक्षा कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने मेला क्षेत्र को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाने के लिए सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग-114ए के विभिन्न हिस्सों में यात्री शेडों की पेंटिंग, पेड़ों की रंगाई, ट्री रिफ्लेक्टर लगाने, रोड फर्नीचर स्थापित करने तथा अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रावणी मेले के दौरान जलजमाव की समस्या से बचाव के लिए एनएच-114ए के किमी 173(P) और 174(P) पर आरसीसी ड्रेन निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने पर बल दिया।


इसके अलावा एनएच-114ए के किमी 130 पर स्थित बैजनाथपुर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा एनएच-333 के किमी 154 पर स्थित मानिकपुर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के समीप चल रहे विशेष मरम्मत एवं सुरक्षा कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी की टीम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


