Bokaro News: BSL में संविदा कर्मियों की सुरक्षा हेतु ऐतिहासिक पहल, निदेशक प्रभारी ने किया शुभारंभ
सुरक्षा हेलमेट, जूते और एफआर सूट शामिल
बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने भारतीय इस्पात उद्योग में पहली बार संविदा कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान उच्च गुणवत्ता वाले सुरक्षा पीपीई किट देने की ऐतिहासिक पहल शुरू की है। निदेशक प्रभारी की उपस्थिति में शुरू की गई इस योजना के तहत पीपीई किट के वितरण और ट्रैकिंग को पूरी तरह से डिजिटल प्रणाली से जोड़ा गया है।
बोकारो: स्टील प्लांट ने अपनी सुदृढ़ एवं समावेशी सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत करते हुए संविदा कर्मियों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। इस पहल के तहत बीएसएल में कार्यरत संविदा कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान मानक एवं गुणवत्ता वाले व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की गई है।
ज्ञातव्य है कि इससे पहले संविदा कर्मियों को सुरक्षा उपकरण (पीपीई) सम्बंधित ठेकेदार द्वारा ही उपलब्ध कराई जाती थी। सेल सहित देश के इस्पात उद्योग में बोकारो स्टील प्लांट द्वारा पहली बार की गई इस ऐतिहासिक पहल का शुभारंभ मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संविदा कर्मियों को बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन द्वारा सुरक्षा किट प्रदान कर इस पहल का औपचारिक शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर निदेशक प्रभारी ने कहा कि बीएसएल परिसर में कार्य करने वाला प्रत्येक कर्मी, चाहे वह नियमित कर्मचारी हो या संविदा कर्मी, उसे सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करना संगठन की प्राथमिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल प्राथमिकता नहीं, बल्कि संगठन के मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है।
संविदा कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान मानक एवं गुणवत्ता वाले पीपीई किट उपलब्ध कराने की यह पहल एक मजबूत, समावेशी एवं उत्तरदायी सुरक्षा संस्कृति के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उल्लेखनीय है कि इस पहल के माध्यम से बीएसएल द्वारा संविदा कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान मानक एवं गुणवत्ता वाले पीपीई किट उपलब्ध कराने के साथ-साथ इनके इश्यू, डिस्ट्रीब्यूशन, रिकवरी एवं री-इश्यू की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा जा रहा है।
इससे पीपीई किट की उपलब्धता, वितरण एवं उपयोग की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होगी। साथ ही, आवश्यकता के अनुरूप समय पर पीपीई उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी। तकनीक के प्रभावी उपयोग से सुरक्षा प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। संविदा कर्मियों को उपलब्ध कराए जाने वाले सुरक्षा पीपीई में सेफ़्टी हेलमेट, लाइट वेट पॉलीकार्बोनेट चश्मे, डिस्पोज़ेबल रेस्पिरेटर, सेफ़्टी शूज़, एफ आरसूट (जैकेट और ट्राउज़र), ईयर प्लग और कैनवस ग्लव्स शामिल हैं।
यह पहल बीएसएल की उस दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है कि “सुरक्षा सिर्फ़ एक ज़िम्मेदारी नहीं है, यह एक ऐसा मूल्य है जो हर किसी से जुड़ा है।” नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ संविदा कर्मियों की सुरक्षा के प्रति समान संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए बीएसएल ने कार्यस्थल पर सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह पहल न केवल बीएसएल की सुरक्षा प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है, बल्कि भारतीय इस्पात उद्योग में एक सुरक्षित एवं समावेशी कार्य संस्कृति के लिए नए मानक स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News







