Bokaro News: 9 जून को जिला परिषद परिसर में सजेगा भव्य आम उत्सव-सह-बागवानी मेला
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने की विशेष समीक्षा
बोकारो की उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 9 जून को आयोजित होने वाले आम उत्सव-सह-बागवानी मेला की तैयारियों की समीक्षा की। इस मेले में सभी प्रखंडों की महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियां अपने सुसज्जित स्टॉलों पर स्थानीय आमों का प्रदर्शन करेंगी।
बोकारो: शनिवार को उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी 9 जून को आयोजित होने वाले बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत एक दिवसीय आम उत्सव-सह-बागवानी मेला की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में डीडीसी ने सभी प्रखंडों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र से 5 से 8 आम उत्पादक लाभुकों (एसएचजी दीदी) का चयन सुनिश्चित करें।
प्रत्येक चयनित लाभुक आम के साथ मेले में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि जिला परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले मेले में प्रत्येक प्रखंड का आकर्षक एवं सुसज्जित स्टॉल लगाया जाएगा, जिसमें स्थानीय आम उत्पादकों की उपज का प्रदर्शन किया जाएगा।डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुकों के चयन, परिवहन व्यवस्था एवं स्टॉल निर्माण सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता की टीम गठित कर लाभुकों को वाहन के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक ससमय पहुंचाना सुनिश्चित करें।

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


