झामुमो की प्रेस वार्ता पर भाजपा का तीखा पलटवार: "पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद हताश और असुरक्षित है जेएमएम"
लगातार जनसमर्थन घटता देख भ्रम फैलाने की कोशिश
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने झामुमो की प्रेस वार्ता पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों के बाद झामुमो पूरी तरह हताश और राजनीतिक असुरक्षा से ग्रस्त हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने झारखंड को कांग्रेस शासनकाल की तुलना में तीन गुना अधिक राशि दी, लेकिन राज्य सरकार ने जल जीवन मिशन, पीएम और आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। भाजपा ने कहा कि कोयला-बालू के अवैध कारोबार पर कसते शिकंजे और अर्बन नक्सलवादी सोच के खिलाफ आने वाले समय में निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
रांची: भाजपा ने झामुमो की प्रेस वार्ता पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों के बाद जेएमएम पूरी तरह हताश, निराश और राजनीतिक असुरक्षा से ग्रस्त होकर अनर्गल बयानबाजी पर उतर आई है। भाजपा प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि लगातार जनसमर्थन घटता देख झामुमो अब तथ्यों और विकास की राजनीति छोड़ केवल भ्रम, डर और झूठ फैलाने की कोशिश कर रही है।
अजय साह ने कहा कि वर्ष 2013 में कांग्रेस की सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को ऐसे हालात में पहुँचा दिया था कि पहली बार देश में “फाइनेंशियल इमरजेंसी” लगाए जाने तक की चर्चा होने लगी थी। लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया में “ब्राइट स्पॉट” बनकर उभरा है और विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आज कई देश भारत के आर्थिक मॉडल, डिजिटल विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर नीति को अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। यही बात विपक्षी दलों को सबसे ज्यादा परेशान कर रही है, क्योंकि उन्हें मोदी सरकार की बढ़ती लोकप्रियता और जनता का विश्वास स्वीकार नहीं हो रहा।

उन्होंने आगे कहा कि एक लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई लोकप्रिय सरकार को हटाने और अस्थिरता पैदा करने की मानसिकता दरअसल “अर्बन नक्सलवाद”सोच का हिस्सा है। यह वही विचारधारा है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर अराजकता फैलाने में विश्वास रखती है। अजय ने कहा कि जैसे मोदी सरकार ने देश में नक्सलवाद को निर्णायक रूप से समाप्त किया है, वैसे ही आने वाले समय में अर्बन नक्सलवाद की सोच और उसे संरक्षण देने वाले नेटवर्क पर भी कड़ा प्रहार किया जाएगा।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
