Delhi News: लोकसभा अध्यक्ष व अन्य ने श्रावण मास के शुभारंभ पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं
नेताओं ने भगवान शिव की आराधना के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया
श्रावण मास के शुभारंभ पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने भगवान शिव से देश में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह व नेताओं ने पवित्र श्रावण मास की शुरुआत पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी।
बिरला ने एक्स पर लिखा, "पवित्र श्रावण मास की शुभ शुरुआत पर, देवाधिदेव महादेव को नमन और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! श्रावण का महीना न केवल आस्था का बल्कि प्रकृति, आध्यात्मिकता और आत्म-शुद्धि का भी एक पवित्र अवसर है। यह हमें संयम, सेवा, करुणा, सद्भावना और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है। भगवान शिव स्वयं प्रकृति के देवता हैं और उनका प्रत्येक स्वरूप जल, वन, पर्वत, नदियों और समस्त जीव-जगत के संरक्षण का संदेश देता है। इस पवित्र मास में पूजा-अर्चना के साथ-साथ हम वृक्षारोपण करने, पर्यावरण को स्वच्छ रखने और प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का भी संकल्प लें। यही भगवान भोलेनाथ के प्रति सच्ची भक्ति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य भी होगा।"
शाह ने कहा कि आस्था, संयम और भक्ति का यह पवित्र महीना सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आध्यात्मिक विकास और असीम शांति लाए। वह सभी के कल्याण और समृद्धि के लिए सर्वोच्च देवता भगवान महादेव से प्रार्थना करते हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि यह पवित्र महीना सभी के जीवन में खुशियां, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि लाए और भगवान शिव की कृपा आप सभी पर सदैव बनी रहे। हर-हर महादेव!
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि वह सर्वोच्च देवता भगवान महादेव से प्रार्थना करते हैं कि वे सभी के जीवन में खुशी, शांति, समृद्धि, बेहतरीन स्वास्थ्य तथा आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करें और दुनिया का कल्याण करें।
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देवों के देव महादेव की पूजा को समर्पित यह पवित्र महीना आस्था, सेवा और आत्मचिंतन का संदेश देता है। वह भगवान शिव से प्रार्थना करते हैं कि वे कांवड़ यात्रा करने वाले सभी भक्तों और पूरी जनता के जीवन में खुशी, समृद्धि, शांति और अच्छी सेहत का संचार करें, और देश और दुनिया में सद्भाव, एकता और सभी के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करें।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.




