हजारीबाग: बालिका विद्यालय और वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण, खाद्य नमूने जांच को भेजे जाएंगे
हजारीबाग में खाद्य सुरक्षा जांच, बालिका विद्यालय और वृद्धाश्रम से खाद्य नमूने लिए गए
हजारीबाग में खाद्य सुरक्षा विभाग ने इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय और ओल्ड एज होम (वृद्धाश्रम) का औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान चावल, दाल, आटा, तेल, हल्दी, नमक और सूजी सहित विभिन्न खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम (रांची) भेजे गए।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ. शशि जायसवाल के निर्देशानुसार गुरुवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन ने खाद्य सुरक्षा टीम के साथ इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय, हजारीबाग एवं ओल्ड एज होम (वृद्धाश्रम) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया। इस क्रम में इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय से उसना चावल, अरहर दाल, आटा, हल्दी पाउडर, नमक एवं सूजी के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं ओल्ड एज होम से आटा, सरसों तेल, हल्दी पाउडर एवं नमक के नमूने लिए गए।
संग्रहित सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम (रांची) भेजा जाएगा। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संस्थान प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि रसोईघर की प्रतिदिन समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। भोजन तैयार करने एवं परोसने के दौरान रसोइयों द्वारा एप्रन एवं टोपी का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए। साथ ही रसोईघर को चूहे, मक्खी, छिपकली एवं अन्य कीटों से पूर्णतः मुक्त रखते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-03 डॉ. नवेद अंजुम, शशि भूषण मुंडा, सूरज कुमार एवं धनेश्वर प्रसाद कुशवाहा सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.




