Indus by Sarvam: भारत का देसी AI ऐप लॉन्च, ChatGPT-Gemini को देगा टक्कर, अभी वेटलिस्ट पर
टेक डेस्क: भारत की होनहार AI कंपनी Sarvam ने अपना नया ऐप लॉन्च कर दिया है, जो खासतौर पर देसी यूजर्स के लिए बनाया गया लगता है। गूगल प्ले स्टोर और ऐप स्टोर पर Indus by Sarvam नाम से उपलब्ध यह ऐप ChatGPT और Gemini जैसे ग्लोबल दिग्गजों को टक्कर देने को तैयार है, खासकर जब बात भारतीय भाषाओं और लोकल जरूरतों की हो।![]()
अभी ऐप डाउनलोड तो हो जाता है, लेकिन एक्सेस सीमित है। अकाउंट बनाने के बाद या तो इनवाइट कोड मांगा जाता है या वेटिंग कतार में जगह बता दी जाती है, साथ ही कतार नंबर भी शेयर होता है। कंपनी धीरे-धीरे यूजर्स को ऐक्सेस दे रही है, ताकि सर्वर पर लोड न पड़े। अगर आपके पास किसी मौजूदा यूजर का कोड है, तो तुरंत चैट शुरू कर सकते हैं, वरना ऐप चेक करते रहें।

Sarvam का यह ऐप क्यों है ChatGPT-Gemini से बेहतर? सबसे बड़ा फायदा भारतीय भाषाओं पर इसकी मजबूत पकड़। ChatGPT और Gemini अंग्रेजी पर ज्यादा ट्रेंड हैं, हिंदी में जवाब किताबी या थोड़ा कृत्रिम लगता है। लेकिन Indus हिंदी, हिंग्लिश, मुहावरों और क्षेत्रीय बोलियों को बखूबी समझता है, जवाब देसी अंदाज में आते हैं।
दूसरी खासियत कम डेटा और कम कंप्यूटिंग पावर में तेज काम करना। स्लो नेटवर्क या ग्रामीण इलाकों में भी सुचारू चलता है, जहां ग्लोबल AI अक्सर लटक जाते हैं। ऊपर से वॉइस कंट्रोल भारतीय लहजे के हिसाब से ट्यून किया गया – चाहे शुद्ध हिंदी बोलें या मिक्स्ड हिंग्लिश, सब सही कैच करता है।
कुल मिलाकर, Sarvam AI ने भारत के लिए 'मेड इन इंडिया' चैटबॉट बनाया है जो लोकल कल्चर को समझता है। अभी वेटलिस्ट पर हैं तो सब्र रखें, जल्द ही एक्सेस मिलेगा। यह ऐप देसी यूजर्स के लिए नया विकल्प खोल रहा है।
