मप्र के सागर में जहरीली शराब से 11 मौतें, आठ गंभीर मरीज बीएमसी रेफर
24 मरीजों का इलाज जारी, गंभीर मरीजों को बीएमसी सागर भेजा गया
मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के आसपास के गांवों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। कई मरीजों का इलाज जारी है और गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर रेफर किया गया है। प्रशासन ने प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य स्क्रीनिंग शुरू कर दी है।
सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के आसपास के गांवों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। 24 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे में किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है, वे लक्षण नहीं होने पर भी एहतियात के तौर पर स्क्रीनिंग कराएं। उल्टी, सिरदर्द, बुखार या तबीयत बिगड़ने जैसी शिकायत होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।
ग्रामीण ने कहा- साथ शराब पी, फिर तेजी से बिगड़ी हालत
बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी ने बताया कि उनके गांव में भी चार लोगों की मौत हुई है। उनके अनुसार, कुछ लोगों ने साथ में शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ी। उन्होंने बताया कि शरीर ठंडा पड़ने और हालत बिगड़ने के बाद कुछ लोगों की जल्द ही मौत हो गई।
छह शराब दुकानों को सील किया, सैंपलिंग के निर्देश
घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी है। मौतों के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील किया गया है। शराब के सैंपल लेने के साथ ही उनकी जांच के निर्देश दिए गए हैं। बंडा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों और कुछ शराब ठेकेदारों का दावा है कि क्षेत्र में नकली और अवैध शराब की बिक्री को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। हालिया बैठक में लाइसेंसी ठेकेदारों द्वारा भी अवैध शराब के कारोबार का मुद्दा उठाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
मृतकों के नाम
पुलिस के अनुसार, मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी पुत्र साहब सिंह (45), ग्राम गूगरा खुर्द; दिग्विजय लोधी पुत्र देवेंद्र लोधी (28), ग्राम नौराज; करतार सिंह लोधी पुत्र जोधन लोधी (30), ग्राम नौराज; उजियार सिंह लोधी पुत्र विजय सिंह लोधी (56), ग्राम गूगरा खुर्द; रोशन लोधी पुत्र जगन्नाथ (30), ग्राम पाटन थाना विनायका; राजेंद्र पुत्र मूरत लोधी (32), ग्राम नौराज; हरनाम पुत्र घनश्याम राय (42), ग्राम चौका; उत्तम नत्थू नायक (42), ग्राम दलपतपुर; सुमेर सिंह दांगी (47) पुत्र पूरन, ग्राम बमूरा; राजकुमार लोधी (47) पुत्र नन्नई लोधी, ग्राम बमूरा; और सुरेंद्र अहिरवार (35) पुत्र सुखलाल, ग्राम लिधौरा शामिल हैं। गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत होने की जानकारी भी सामने आई है।
आठ गंभीर मरीज बीएमसी रेफर
गंभीर हालत में हरनाम राय (42), ग्राम चौका; उत्तम नत्थू नायक (42), दलपतपुर; मंगल पुत्र अनरथ रजक (40), ग्राम गूगरा खुर्द; परम पुत्र रणसिंह आदिवासी, ग्राम हिनौता; धनसिंह पुत्र पद्म आदिवासी (30), ग्राम हिनौता; चंद्रभान पुत्र भगुंत लोधी (48), ग्राम नौराज; अजय पुत्र नत्थू लोधी (30), ग्राम नौराज; विनोद पिता कल्लू (50), ग्राम गूगरा; और राघवेंद्र पिता किशोर लोधी (32), ग्राम नौराज को बीएमसी सागर रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अन्य प्रभावित लोगों की भी निगरानी कर रही हैं।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts
Latest News



