Crime News: विसर्जन जुलूस में दोस्तों से विवाद, देर रात कुएं से बरामद हुआ 25 वर्षीय युवक का शव
पुलिस हत्या और हादसे, दोनों एंगल से कर रही मामले की जांच
पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के छेछानी गांव में जन्माष्टमी विसर्जन जुलूस में शामिल होने गए 25 वर्षीय चंदन कुमार साव का शव कुएं से बरामद किया गया। परिजनों ने दोस्तों के साथ मारपीट के बाद हत्या कर शव कुएं में डालने का आरोप लगाया है। वहीं, दोस्तों ने साउंड बॉक्स को लेकर विवाद और मारपीट की बात कही है।
पलामू: जन्माष्टमी जुलूस में शामिल होने गए एक युवक का शव कुएं से बरामद हुआ है। घटना पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के छेछानी गांव की है। मृतक की पहचान इसी थाना क्षेत्र के टरिया पंचायत के भालोगाड़ी निवासी चंदन कुमार साव (25), पिता बिहारी साव, के रूप में हुई है।
पुलिस मामले की हत्या और हादसा, दोनों एंगल से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। इधर, परिजनों ने दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने के बाद शव को कुएं में डाल देने का आरोप लगाया है।सूचना मिलने पर तरहसी थाना के पुलिस पदाधिकारी आनंद सिंह, महताब और राजीव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तरहसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मृतक के पिता और बड़े भाई ने आरोप लगाया कि शनिवार देर शाम उन्हें सूचना मिली थी कि चंदन का उसके दोस्तों से झगड़ा हो गया है और उसके साथ मारपीट की जा रही है।
परिजन मौके पर पहुंचे तो जुलूस समाप्त हो चुका था। आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन चंदन का कोई पता नहीं चला। बाद में जिन दोस्तों पर मारपीट का आरोप था, उनसे पूछताछ की गई। परिजनों के अनुसार, उनकी निशानदेही पर शव कुएं से बरामद हुआ।
दोस्तों ने बताया कि चंदन साउंड बॉक्स पर मुक्का मार रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसके बाद मारपीट हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि पुलिस कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाना भी ले गई है और मामले की स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
चंदन तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी नहीं हुई थी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts
Latest News



