भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को हराकर नेशंस कप 2026 के सेमीफाइनल में बनाई जगह
सलीमा टेटे और लालरेमसियामी ने दागे जीत दिलाने वाले गोल
एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
ऑकलैंड: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पूल-ए के दूसरे मुकाबले में जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। लगातार दूसरी जीत के साथ टीम इंडिया छह अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान सलीमा टेटे और लालरेमसियामी ने गोल कर टीम को जीत दिलाई, जबकि जापान की ओर से एई हिरामित्सु ने एकमात्र गोल किया।

पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर

सलीमा ने दिलाई बढ़त, जापान ने तुरंत किया जवाब
तीसरे क्वार्टर के 33वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। शानदार रणनीति के तहत नवनीत कौर और निक्की प्रधान की मदद से कप्तान सलीमा टेटे ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।
हालांकि जापान ने महज दो मिनट बाद जवाबी हमला किया। 35वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर एई हिरामित्सु ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
लालरेमसियामी ने दिलाई जीत
चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारत ने लगातार दबाव बनाए रखा। 49वें मिनट में सुशीला चानू पुखरामबम के सटीक पास पर लालरेमसियामी ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी।
इसके बाद भारतीय डिफेंस ने जापान को कोई मौका नहीं दिया और टीम ने महत्वपूर्ण जीत अपने नाम कर ली।
सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
इस जीत के साथ भारत ने अमेरिका और जापान के खिलाफ लगातार दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। अब भारतीय टीम 18 जून को अपने अंतिम पूल मुकाबले में उरुग्वे का सामना करेगी।
महिला हॉकी नेशंस कप में भारत का यह प्रदर्शन टीम के आत्मविश्वास और खिताब जीतने की मजबूत दावेदारी को दर्शाता है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


