कोडरमा: निजी स्कूल व बाल कल्याण समिति ने निकाला शांति मार्च
कोडरमा: प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन कोडरमा के तत्वधान में बुधवार को कोडरमा बरनवाल धर्मशाला से कोडरमा समाहरणालय परिसर तक कोडरमा के निजी विद्यालयों ने सरकार द्वारा जारी अधिसूचना व झारखंड आरटीई नियमावली 2019 के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध मार्च का प्रदर्शन किया। इसमें कोडरमा जिला के सभी प्रखंड सतगावां, जयनगर, चंदवारा, डोमचांच, मरकच्चो, झुमरीतिलैया नगर एवं कोडरमा के निजी विद्यालयों के विद्यालय के संचालकों, संचालिकाओ, शिक्षक शिक्षिकाओं एवं प्राचार्य की उपस्थिति रही।
सभी ने मुख्य रूप से एक ही मांग रखा कि आरटीई नियमावली में संशोधन, निजी विद्यालय, उन विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों, वहां कार्यरत शिक्षकों शिक्षिकाओं के हित हेतु नियमावली में बदलाव लाया जाए और सरकारी विद्यालयों, सरकारी शिक्षकों से अलग न समझा जाए। सरकार द्वारा निजी विद्यालयों के प्रति दोहरी नीति नहीं अपनाई जाए जो मापदंड व नियमावली सरकारी विद्यालय में अपनाई जाती है वह निजी विद्यालय में भी रखी जाए। आज भी झारखंड राज्य में सरकारी विद्यालय 4 से 5 कमरों में चलाई जा रही हैं तो प्राइवेट विद्यालयों के लिए कठोर मापदंड क्यों। शांति मार्च में सभी विद्यालय, सभी निजी विद्यालयों पंतिबद्ध होकर कार्यक्रम की शुरुआत की और समाहरणालय परिसर एकत्रित होकर कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रीय गान से किया गया।



