खेलकूद जीवन का अभिन्न अंग: राजेश
कोडरमा: लखीबागी स्थित जेके इंटरनेशनल स्कूल में मासिक खेलकूद प्रतियोगिता आहूत की गई। इस बाबत बच्चों को खेल के नियम की जानकारी दी गई। मौके पर कक्षा नर्सरी से यूकेजी के बच्चों हेतु म्यूजिकल चेयर व गणित दौड़ का आयोजन किया गया। सीसीए कार्यक्रम के तहत क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता आहूत की गई। बच्चों ने अपने पसंद के फल, फूल, पशु, पक्षी, घरेलू सामानों व वाद्य-यंत्रों को मिट्टी से आकार देकर उनमें खूबसूरत रंग भरकर अपने क्षमता व दक्षता से सबका मन मोह लिया। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को निदेशक राजेश कुमार व प्राचार्य अमलेश्वर कुमार ने पुरस्कृत किया।
निदेशक राजेश ने इस बाबत कहा कि खेलकूद हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है। जैसे बंद पड़े मशीनरियों के कल-पुर्जों में जंग लग जाती है, उसी प्रकार बिना खेलकूद के हमारा शरीर भी बेकार व अनुपयोगी हो जाता है। कहा कि हमारा प्रयास है कि बच्चों को सिर्फ किताबी कीड़े न बनाकर उनके स्वास्थ्य व आंतरिक प्रतिभा को निखार सकें। इस बाबत कक्षा प्रथम से कक्षा सप्तम तक के छात्रों ने भी विभिन्न प्रकार के खेलकूद में शामिल हुए।




