केंद्र सरकार पर साजिश करने का आरोप
कोडरमा: जयनगर प्रखंड के केटीपीएएस बांझेडीह में डीवीसी के ऑपरेशन व मेंटेनेंस को एनटीपीसी और डीवीसी का बेरमो कोयला खदान सीसीएल को हस्तांतरित किये जाने के विरोध में गुरूवार को केटीपीएएस व तिलैया सहित पूरे डीवीसी में विभिन्न यूनियनों द्वारा संयुक्त रूप से विरोध- प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता डीवीसी कामगार संघ यूनिट के सचिव रामकृष्ण गराई व संचालन डीवीसी स्टाफ एसोसिएशन के संयुक्त सचिव संतोष प्रसाद ने किया। इस बाबत डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के यूनिट सचिव ने कहा कि केंद्र सरकार डीवीसी को मिटाने पर तुली है। जिस एक्ट के तहत निगम को बनाया गया था, उसे समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी यूनियन एक मंच पर आकर इस लड़ाई को लड़ेंगे।
विरोध के दौरान डीवीसी श्रमिक यूनियन के यूनिट सचिव अजय कुमार ने कहा कि डीवीसी को तोड़ने का प्रयास किया गया तो आनेवाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा। डीवीसी के पावर प्लांट के ओएंडएम कार्य को एनटीपीसी को देने का फैसला एकतरफा है। केंद्र सरकार द्वारा एक साजिश के तहत डीवीसी के अधिकार को छीनने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर नारायण प्रसाद, एफएन यादव, जुगनू बासकी, लखन यादव, भूतनाथ रजवार, केशव साहा, विजय कुमार राणा, अनुराग सिंह, आनंद कुमार गुप्ता, शंम्भु कुमार, प्रभु महतो के साथ- साथ दर्जनों कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद थे।