पूर्व पति की सनक ने ली गर्भवती महिला की जान, हफ्तों से बना रहा था प्लान
हैदराबाद: वनस्थलीपुरम इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है। एक गर्भवती सॉफ्टवेयर इंजीनियर की उसके पूर्व पति ने क्रूरता से हत्या कर दी, जो हफ्तों से चली आ रही साजिश का नतीजा निकला। आरोपी ने चाकू, चेनसॉ और पेट्रोल जैसे खतरनाक सामान जुटाकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे पुलिस भी दंग रह गई।
आरोपी देवराकोंडा महेश ने पूर्व पत्नी सुनीता की जिंदगी पर नजर रखी और सोशल मीडिया के जरिए उसके घर का पता लगाया। वह कनाडा से लौटने के बाद दो महीने पहले तुरकायमजल चला गया था, जहां सुनीता रहती थी। महेश को लगता था कि उसकी मां की मौत सुनीता के कारण हुए मानसिक तनाव से हुई, जिसके चलते उसके मन में गहरा द्वेष पनप गया।

महेश ने वारदात के लिए पूरी तैयारी की थी। एक हफ्ता पहले उसने चाकू, चेनसॉ और पेट्रोल खरीदा, ताकि अगर सुनीता और उसका पति दरवाजा बंद कर दें तो चेनसॉ से तोड़ सके। वनस्थलीपुरम पुलिस ने गुरुवार को उसे गिरफ्तार किया, कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मियापुर में कुछ महीने रहने के बाद वह हत्या के इरादे से सुनीता के पीछे लग गया था।
