Bihar: दिल दहला देने वाली वारदात, मां की हत्या के आरोप में बेटा-बहू गिरफ्तार
मृतका के पति ने बेटे और बहू पर लगाए गंभीर आरोप
बिहार के सीवान जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव में बेटे और बहू पर अपनी ही मां की साड़ी से गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका के पति कन्हैया यादव ने पुलिस को बताया कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था और बेटे ने पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी।
सीवान: जिले के आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद में बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कथित रूप से अपनी ही मां की साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान हसनपुरवा गांव निवासी पनपती देवी के रूप में हुई है, जो कन्हैया यादव की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मृतका के पति को सुबह में हुई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

कन्हैया यादव ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसका पुत्र बबलू यादव विदेश से गांव आया था। आरोप है कि बेटे और बहू ने मिलकर पनपती देवी की साड़ी से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
कन्हैया यादव ने यह भी बताया कि उसने घटना की आशंका को लेकर 11 मई को ही थाने में आवेदन दिया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इधर, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र बबलू यादव एवं पतोहू रिंकू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं लोग इस निर्मम वारदात को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
