सिविल सेवा परीक्षा में क्यों घटते जा रहे हैं हिंदी माध्यम के सफल अभ्यार्थी?
आरके सिन्हा
संघ लोक सेवा आयोग, यूपीएससी ने अपनी परीक्षा 2019 (Civil Services Examination 2019 Result) के परिणामों की घोषणा कर दी है। उसमें कुल 829 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। अब ये सफल उम्मीदवार बनेंगे देश के बड़े बाबू, राजनयिक, आला पुलिस अफसर वगैरह। यहां तक तो सब ठीक है। पर बीते कुछ सालों से चल रहा रुझान इस बार भी जारी रहा। दरअसल, हिन्दी माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा को पास करने वाले तेजी से घट रहे हैं। इस बार हिंदी माध्यम से परीक्षा देने वाला सबसे अव्वल अम्यर्थी 317वें स्थान पर रहा। यानी उससे ऊपर लगभग सब अंग्रेजी से पेपर देने वाले ही रहे। इसका छोटा-मोटा अपवाद भी हो सकता है।


आखिर हिन्दी वाले क्यों फिसड्डी साबित हो रहे हैं सिविल सर्विस परीक्षा में। कुछ कारण जो समझ आ रहे हैं, वे इस तरह से है. पठन सामग्री की कमी, अनुवादित पुस्तकों और प्रश्नपत्रों में ग़लत अनुवाद, परीक्षकों द्वारा हिन्दी माध्यम परिक्षार्थियों की उपेक्षा या जान बूझकर कम अंक देना, हिन्दी माध्यम विद्यार्थियों और परीक्षकों की कमजोर शैक्षणिक पृष्ठभूमि, हिन्दी माध्यम परीक्षार्थियों का अंग्रेज़ी माध्यम के अनुपात में कम होना, वगैरह।
एक बात तो साफ है कि हमारे यहां कोचिंग संस्थानों की कोई कमी नहीं। लेकिन, अच्छे कोचिंग संस्थानों की भारी कमी है। ये ही बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने का दावा करते हैं। देश के सभी शहरों में क्लर्क से लेकर सिविल सर्विस जैसी दूसरी बड़ी परीक्षाओं की इनमें तैयारी करवाई जाती है। हिन्दी में कोचिंग संस्थान तो कुकुरमुत्ते की तरह उग आए हैं, हर शहर के हर गली मोहल्ले में। दिल्ली के मुखर्जी नगर में इस तरह की सैकड़ों संस्थान हैं। पर क्या उनमें फैक्ल्टी कायदे के नहीं है। आपको पढ़ाने वाला ही कमजोर होगा तो आप बेहतर परिणाम की उम्मीद तो मत करें। एक बात ये भी लगती है कि जो कथित तौर पर अच्छे संस्थान हैं, वे भी अपने विद्यार्थियों को स्तरीय पठन सामग्री उपलब्ध नहीं करवा पाते। इसलिए हिन्दी माध्यम के अभ्यार्थी मात खा रहे हैं। उन्हें इन्टरनेट पर जाकर पठन सामग्री ढूंढने को कहा जाता है। वे सारी पठन सामग्रियां अंग्रेजी में ही होती हैं। अब हिंदी माध्यम के पढ़े बच्चे बेचारे अपनी बुद्धि से उस पठन सामग्री को समझेंगे, पूरी तरह ग्रहण कर सार्थक उत्तर दे पायेंगे।
अगर यही स्थिति रही तो देश को भविष्य में कभी शशांक जैसे विदेश सचिव नहीं मिलेगे। शशांक देश के सफल विदेश सचिव थे। उन्होंने हिन्दी माध्यम से सिविल सर्विस की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया था।
एक तरफ भारत की चाहत रही है कि हिन्दी को संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक भाषा का दर्जा मिल जाए और दूसरी तरफ हमारी शिखर नौकरशाही से ही हिन्दी गायब हो रही है। हिन्दी को विश्व मंच पर लाने की पहली सार्थक और ठोस पहल अटल बिहारी वाजपेयी जी ने की थी। पहला विश्व हिन्दी सम्मेलन 1975 में नागपुर में आयोजित हुआ था, जिसमें पारित प्रस्ताव में कहा गया था, ‘संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिन्दी को आधिकारिक भाषा के रूप में स्थान दिलाया जाए’। इसके दो वर्ष बाद ही अटल बिहारी वाजपेयी ने 4 अक्टूबर 1977 को जनता पार्टी की सरकार के विदेश मंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन में हिन्दी में ही जोरदार भाषण दिया था। उनसे पहले किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री या विदेश मंत्री ने तो क्या किसी प्रतिनिधि ने भी हिन्दी का प्रयोग संयुक्त राष्ट्र संघ के मंच पर नहीं किया था। अटल जी के उस भाषण के बाद पूरे देशभर में ही नहीं विश्वभर के हिन्दी प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। पर अब तो अपने घर में ही हिन्दी का असर कम होता जा रहा है। यह एक चिंताजनक ही नहीं दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
यह भी इत्तेफाक ही है कि जब सिविल सेवा की परीक्षाओं में हिन्दी माध्यम के अभ्यार्थियों के निराशाजनक प्रदर्शन से सब परेशान है। तब ही उत्तर प्रदेश की 10वीं की हाई स्कूल और 12 वीं की इंटर की परीक्षाओं के हाल ही में आए परिणामों में विद्यार्थियों का हिन्दी का परिणाम भी अत्यंत ही निराशाजनक रहा। यानी हिन्दी को लेकर कहीं से भी सुखद खबर तो नहीं आ रही है।
क्या उत्तर प्रदेश में इसे सही से जानने-समझने, पढ़ने में छात्रों में रुचि अब घट रही है। क्या हिन्दी के शिक्षक अपने अध्यापक धर्म का निर्वाह करने के लायक नहीं रह गये हैं। ये दोनों प्रश्न इसलिए भी समीचिन हैं, क्योंकि अपनी मातृभाषा में लाखों विद्यार्थियों का अनुतीर्ण होना कई सवाल खड़े कर रहा है। इसका असर दूर तक देखने में आ रहा है। जो बच्चे हिन्दी में इंटर और मैट्रिक में हिन्दी माद्यम से परीक्षा देते हैं, वे आगे चलकर हिन्दी में सिविल सेवा जैसी खास परीक्षा को पास कर पाने में नाकामयाब तो रहेंगे ही।
दरअसल, अपने को हिन्दी सेवी कहने वाले और हिन्दी के नाम पर रोटी कमाने वालों को इन सवालों के जवाब देने होंगे कि स्कूली स्तर से लेकर अति महत्वपूर्ण परीक्षाओं में हिन्दी के विद्यार्थी और अभ्यर्थी क्यों अपेक्षित नतीजे नहीं दे पा रहे हैं?H


