बशीर बद्र: वो शायर जो हमारे टूटे दिल की बोली बोल गया
आसान शब्दों में गहरी बात कहने की अद्भुत कला
उर्दू शायरी के मशहूर शायर बशीर बद्र ने अपनी सरल, संवेदनशील और दिल को छू लेने वाली ग़ज़लों से करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाई। उनकी शायरी मोहब्बत, रिश्तों, यादों और इंसानियत की गहरी समझ को बयां करती है।
आलेख: संजय कुमार धीरज
उर्दू शायरी में कुछ लोग शायर नहीं होते, मरहम होते हैं। बशीर बद्र भी वैसे ही थे। उनकी ग़ज़लें पढ़ो, तो लगता है कोई अपना सामने बैठा है और धीरे से कह रहा है— "मैं समझता हूं, मेरे साथ भी यही हुआ था।"

उस दौर में शायरी आम लोगों से दूर होती जा रही थी। बड़े-बड़े शायर ऐसी बातें लिखते थे, जो आम आदमी के सिर के ऊपर से निकल जाती थीं। बशीर बद्र ने शायरी को आम आदमी तक पहुंचाया। उन्होंने आसान लफ़्ज़ों में बड़ी बातें कही।
"कोई हाथ भी न मिलाएगा जो गले मिलोगे तपाक से,
ये नए मिज़ाज का शहर है, ज़रा फ़ासले से मिला करो।"
यह सिर्फ एक शेर नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी जीवन का आईना है। फ्लैट पास-पास हैं, लेकिन दिलों में दूरियां बढ़ती जा रही हैं।
बशीर बद्र की मोहब्बत फिल्मों वाली नहीं थी। उनकी मोहब्बत में इंतज़ार था, बिछड़ना था, यादें थीं; लेकिन नफ़रत नहीं थी।
"उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो,
न जाने किस गली में ज़िंदगी की शाम हो जाए।"
आदमी के पास आखिर में बचता क्या है? बस यादें। शायद इसी एहसास ने उन्हें यह अमर शेर लिखने पर मजबूर किया—
"कुछ तो मजबूरियाँ रही होंगी, यूँ कोई बेवफ़ा नहीं होता।"
उन्होंने कभी किसी को कठघरे में खड़ा नहीं किया, बल्कि समझने की कोशिश की। यही उन्हें सबसे अलग बनाता है।
साल 1984 में भोपाल दंगों के दौरान उनका घर जला दिया गया। उनकी किताबें, पांडुलिपियां और वर्षों की मेहनत राख हो गई। इसके बाद उनकी शायरी का दर्द और गहरा हो गया।
"लोग टूट जाते हैं एक घर बनाने में,
तुम तरस नहीं खाते बस्तियाँ जलाने में।"
यह शेर आज भी हर दंगे और हिंसा पर करारा सवाल खड़ा करता है।
बशीर बद्र ने कभी कठिन शब्दों से पाठकों को प्रभावित करने की कोशिश नहीं की। वे दोस्त की तरह दिल की बात कहते थे।
"मैं चुप रहा कि ज़हर ये अंदर ही मर जाए,
लेकिन ज़हर था कि मुझी में उतर गया।"
आज सबके पास 5G है, लेकिन बात करने के लिए कोई नहीं। सोशल मीडिया पर हजारों स्टेटस हैं, मगर भीतर गहरा अकेलापन है। ऐसे दौर में बशीर बद्र की शायरी इंसान को इंसान से जोड़ती है।
वे सिखाते हैं कि टूटना गुनाह नहीं है, रोना कमजोरी नहीं है। और जब समाज में नफ़रत सामान्य होती जा रही हो, तब उनका यह शेर और भी प्रासंगिक हो जाता है—
"दुश्मनी जम कर करो, लेकिन ये गुंजाइश रहे,
जब कभी हम दोस्त हो जाएँ, तो शर्मिंदा न हों।"
यह सिर्फ शायरी नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है।
उनकी शायरी पढ़कर लगता नहीं कि हम कोई किताब पढ़ रहे हैं, बल्कि ऐसा लगता है कि किसी ने हमें गले लगा लिया हो। जब दुनिया शोर मचाती है, तब बशीर बद्र की ग़ज़लें धीरे से कहती हैं— "मैं हूं ना।"
इसीलिए वे सिर्फ उर्दू के शायर नहीं, बल्कि हिंदुस्तान के जज़्बात हैं।
"मोहब्बतों में दिखावे की दोस्ती न मिला,
अगर गले नहीं मिलता, तो हाथ भी न मिला।"
बशीर बद्र हमें यह सिखाकर गए कि शब्दों से भी घावों पर मरहम लगाया जा सकता है। जब सब रास्ते बंद लगें, तो उनकी कोई ग़ज़ल खोल लेना। टूटे हुए दिल का सबसे मुलायम मरहम वहीं मिलेगा।
वे चले गए, लेकिन अपनी ग़ज़लें हमारे लिए छोड़ गए, ताकि जब भी ज़िंदगी की शाम आए, हम खुद को अकेला महसूस न करें।
(लेखक समृद्ध झारखंड के ब्यूरो और युवा पत्रकार संगठन के सदस्य हैं।)
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
