Sahebganj News: बिजली संकट पर हाहाकार, सीएम हेमंत सोरेन के आदेश बेअसर, अघोषित कटौती से कराह रही जनता
प्रखंड कार्यालय और पावर हाउस का घेराव
साहिबगंज जिले में भीषण गर्मी और उमस के बीच जारी अघोषित बिजली कटौती से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का जीना मुहाल हो गया है। मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक हेमंत सोरेन के 24 घंटे निर्बाध बिजली के आदेश के बावजूद जिले के पावर हाउस बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों शटडाउन ले रहे हैं। विद्युत अधिकारियों की संवेदनहीनता और फोन न उठाने की आदत से नाराज कबूतरखोपी के ग्रामीणों और हिंदू धर्म रक्षा मंच ने बिजली व्यवस्था न सुधरने पर पावर हाउस व प्रखंड कार्यालय के घेराव और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
साहिबगंज: भीषण गर्मी और उमस के बीच जिले की जनता अघोषित बिजली कटौती से कराह रही है। हालात ऐसे हैं कि मुख्यमंत्री के 24 घंटे निर्बाध बिजली वाले आदेश को जिले के पावर हाउस रोजाना 'शटडाउन' कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिन-रात बिना शेड्यूल के बिजली गुल हो जाती है। 10 मिनट आती है तो 2 घंटे गायब रहती है। पंखा-कूलर बंद हैं और इन्वर्टर जवाब दे चुका है।
कबूतरखोपी के पवन मंडल खीजते हुए कहा कि गर्मी व उमस की वजह से बच्चे रातभर रोते हैं। मरीज (मां) की तबियत खराब है। बिजली विभाग को न हमारी उमस दिखती है और न मुख्यमंत्री का आदेश। वहीं, दुकानदार गौतम कुमार चौधरी ने बताया कि लाइन के बिना फ्रिज बंद है। कोल्ड ड्रिंक व अन्य सामान खराब हो रहे हैं। अब तो धंधा ही चौपट हो गया है।

इधर हिन्दू धर्म रक्षा मंच के प्रदेश महासचिव बजरंगी महतो ने हर फॉल्ट की समय-सीमा तय करने और जनता को एसएमएस से सूचना देने तथा लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग जिला प्रशासन व विद्युत प्रमंडल पदाधिकारी से की है। उन्होंने कहा कि गर्मी में बिजली नहीं, तो वोट का करंट लगेगा। साहिबगंज की जनता अब बिजली के लिए नहीं, हक के लिए लड़ेगी।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
