रोमांचक फाइनल में कामता ने सीआईएसएफ को हराकर जीता एनटीपीसी क्रिकेट टूर्नामेंट
एनटीपीसी ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में खेल भावना का शानदार प्रदर्शन
एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा की सामुदायिक विकास पहल के तहत आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का भव्य समापन 24 मई को उड़ान खेल परिसर में हुआ। फाइनल मुकाबले में कामता टीम ने सीआईएसएफ को 6 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।
चतरा: एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा की सामुदायिक विकास पहल के अंतर्गत आयोजित “ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026” का भव्य समापन 24 मई 2026 को उड़ान खेल परिसर, एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कामता एवं सीआईएसएफ टीम के बीच खेला गया, जिसमें कामता टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
इस अवसर पर दीपक दलेई, महाप्रबंधक (परियोजना), नीरज रॉय, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), सानुज कुमार, डीसी सीआईएसएफ तथा रमेश सिंह, डीसी सीआईएसएफ फायर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सीएसआर आर एंड आर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।

यह टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को सकारात्मक मंच प्रदान करने तथा आपसी सौहार्द एवं सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विजेता टीम कामता को ₹10,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सीआईएसएफ टीम को ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय देते हुए सीआईएसएफ टीम ने अपनी पुरस्कार राशि विजेता टीम कामता को प्रदान कर दी, जिसकी सभी ने सराहना की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। सीआईएसएफ टीम के खिलाड़ी साई किरण को “बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट” एवं “मैन ऑफ द टूर्नामेंट” घोषित किया गया, जबकि कामता टीम के खिलाड़ी अदनान को “बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट” का पुरस्कार दिया गया।
एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा प्रबंधन ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
