Sahebganj News: उधवा झील में वन विभाग का शिकंजा, जाल लेकर घुसा था शख्स, खुद जाल में फंसा आरोपी
उधवा झील में अवैध रूप से मछली पकड़ने और शिकार पर पूर्ण प्रतिबंध
साहिबगंज जिले के प्रसिद्ध उधवा झील पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम ने वन्यजीवों का शिकार करने पहुंचे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में प्रतिबंधित क्षेत्र से एक नाव और जाल को जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इधर, अधिवक्ता संत कुमार घोष ने वन विभाग की मुस्तैदी की सराहना करते हुए क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को और अधिक मजबूत करने की मांग की है।
साहिबगंज: प्रवासी पक्षियों के स्वर्ग कहे जाने वाले उधवा झील पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में वन्यजीवों का शिकार करने पहुंचे एक आरोपी को वन विभाग ने शुक्रवार सुबह रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी संरक्षित क्षेत्र में नाव से घुसकर जाल लगा रहा था। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ा और नाव-जाल जब्त कर लिया। वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के नेतृत्व में टीम शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे नियमित गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान झील के प्रतिबंधित हिस्से में एक व्यक्ति नाव से अनाधिकृत रूप से घुसकर जाल लगाते दिखा।
वन विभाग की टीम को देखते ही आरोपी नाव लेकर भागने लगा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और उसे दबोच लिया। मौके से नाव और जाल जब्त कर वन क्षेत्र कार्यालय तालझारी लाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति पहले भी अवैध गतिविधियों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
