JPSC विवाद: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, साहिबगंज में कहीं असरदार तो कहीं बेअसर
साहिबगंज शहर के प्रमुख बाजारों में दिखा असर, बोरियो में दुकानें खुली रहीं
JPSC और JSSC अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत ‘झारखंड बंद’ का साहिबगंज जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला। साहिबगंज शहर के प्रमुख बाजारों में कई दुकानें बंद रहीं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से बंद का समर्थन करने की अपील की।
साहिबगंज: रांची में जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और बर्बर कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को आहूत ‘झारखंड बंद’ का साहिबगंज जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला। भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर पार्टी ने जिले के सभी मंडलों में चक्का जाम किया और व्यवसायी एवं दुकानदारों से बंद का समर्थन करने की अपील की।
सुबह से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतर आए और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का अनुरोध किया। छात्रों के हित और सम्मान की लड़ाई में बहुत कम समय की सूचना के बावजूद बड़ी संख्या में व्यवसायी और दुकानदारों ने स्वेच्छा से बंद का समर्थन कर अपना सहयोग दिया। इसके लिए भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने पार्टी की ओर से सभी व्यवसायी एवं दुकानदार बंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। सदर प्रखंड में बंदी का नेतृत्व पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा कर रहे थे।

बंद को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस प्रशासन लगातार शहर की स्थिति पर नजर रखे हुए था ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
कुल मिलाकर साहिबगंज में भाजपा के बंद का असर इलाके के अनुसार अलग-अलग रहा। जहां शहर के कुछ हिस्सों में दुकानें बंद रहीं, वहीं कई जगह सामान्य कारोबार चलता रहा। सड़कों पर यातायात भी सामान्य बना रहा। इस कारण प्रखंड मुख्यालय में बंद का असर मिला-जुला नजर आया।









