Pakur News: स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी
मासिक अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की हुई विस्तृत समीक्षा
पाकुड़ में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में जुलाई माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, यातायात व्यवस्था और अवैध गतिविधियों की समीक्षा की गई।
पाकुड़: पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जुलाई माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ व महेशपुर, सभी पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, यातायात व्यवस्था तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी ने आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। पुलिस बल की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित पुलिस सभा आयोजित कर पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याएं सुनने का भी निर्देश दिया गया। बताया गया कि पूर्व में सामने आई समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण किया जा चुका है।

सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए नियमित वाहन जांच
चोरी-लूट पर अंकुश के लिए गश्ती बढ़ाने का निर्देश
एसपी ने पिछले पांच वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय रहे एवं दोषसिद्ध अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। ऐसे अपराधियों के नाम सीसीए, निगरानी पंजी एवं गुंडा पंजी में दर्ज कराने के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। चोरी, लूट, डकैती और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया।
शिकायतकर्ताओं से शालीनता से पेश आने का निर्देश
बैठक में एसपी ने पुलिस थानों एवं ओपी में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लंबित चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन एवं परिवाद पत्रों का भी त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलेगा जागरूकता अभियान पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, मानव तस्करी, नशामुक्ति, महिला अत्याचार, डायन प्रथा, बाल विवाह सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ प्रत्येक माह जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। स्कूल-कॉलेज, हाट-बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जागरूक करने को कहा गया।
अवैध खनन और मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
अवैध पत्थर, कोयला एवं बालू के उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला खनन टास्क फोर्स के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। वहीं अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए लगातार छापेमारी एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को दिया गया। बैठक में एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा एवं शिकायतों के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।









