“मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची 2026” अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का एनयूएसआरएल में समापन
देवदास दत्ता ने की ECINET ऐप की अपील
रांची के एनयूएसआरएल में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हो गया, जहां एनयूएसआरएल के कुलपति प्रो. डॉ. अशोक आर. पाटिल ने शुद्ध मतदाता सूची को लोकतंत्र का आधार बताया। सम्मेलन में ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, एस्टोनिया समेत कई देशों की निर्वाचन प्रणाली और मतदाता सूची प्रबंधन में एआई व डिजिटलीकरण के उपयोग पर गहन मंथन किया गया।
रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के कार्यालय द्वारा केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची 2026” का समापन आज नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्डी एंड रिसर्च इन लॉ, रांची में हो गया। आईआईएम रांची, एनयूएसआरएल रांची एवं सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची सम्मेलन के नॉलेज पार्टनर थे।
नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), रांची के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक आर. पाटिल ने आभार जताया कि विश्वविद्लाय को इस व्यापक आयोजन के लिए चयनित किया गया। अपने संबोधन प्रो. पाटिल ने कहा, मतदाता पंजीकरण एवं शुद्ध मतदाता सूची सार्थक लोकतांत्रिक सहभागिता की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची केवल एक प्रशासनिक दस्तावेज नहीं, बल्कि वह प्रवेश द्वार है, जिसके माध्यम से नागरिक औपचारिक निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा बनते हैं।समापन सत्र को “विचार-विमर्श से क्रियान्वयन की ओर” बढ़ने का अवसर बताते हुए प्रो. पाटिल ने शिक्षाविदों, निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों, शोधकर्ताओं एवं अन्य हितधारकों से सम्मेलन के निष्कर्षों को आगे बढ़ाते हुए और अधिक शोध, साक्ष्य-आधारित नीतिगत सुझाव तथा निरंतर संस्थागत सहयोग विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि निर्वाचन संबंधी नवाचार नागरिक-केंद्रित होना चाहिए प्रौद्योगिकी मतदाता को सशक्त बनाए, कानून मतदाता की रक्षा करे, संस्थाएं मतदाता की सेवा करें और निर्वाचन प्रशासन मतदाता की आवाज को मजबूत करे।
प्रो. पाटिल ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार एवं आयोजन समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की वास्तविक सफलता इससे उत्पन्न होने वाले नए शोध, नीतिगत विचारों एवं संस्थागत सहयोग तथा निर्वाचन सहभागिता को अधिक समावेशी, सुलभ और लोकतांत्रिक बनाने में उनके योगदान से परिलक्षित होगी।
समापन समारोह में सेवानिवृत्त उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी श्री देवदास दत्ता ने स्वागत संबोधन दिया और विशिष्ट प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, निर्वाचन पदाधिकारियों एवं अन्य प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने दो दिवसीय विचार-विमर्श में सभी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सम्मेलन ने मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची प्रबंधन से संबंधित शोध, ज्ञान, अनुभवों एवं उत्कृष्ट प्रथाओं को साझा करने के लिए एक सार्थक मंच उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम के दौरान दत्ता ने प्रतिनिधियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को ECINET एप्लिकेशन इंस्टॉल कर उसका उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने नागरिकों को निर्वाचन संबंधी सेवाओं तक सुविधाजनक डिजिटल पहुंच उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सहभागिता को मजबूत बनाने में ECINET की भूमिका पर प्रकाश डाला।
सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची के डॉ. बी. के. सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों, प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, निर्वाचन पदाधिकारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के सक्रिय सहभागिता और महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग एवं समन्वित प्रयासों के लिए आयोजक संस्थानों और नॉलेज पार्टनर्स का भी धन्यवाद किया।
रैपोर्टियर रिपोर्ट में सम्मेलन के प्रमुख निष्कर्षों पर प्रकाश
दो दिवसीय सम्मेलन की रैपोर्टियर रिपोर्ट केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) की सुश्री सोलिका रानी एवं सुश्री ऋतुपर्णा पालेई द्वारा प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट में उद्घाटन, पैनल एवं तकनीकी सत्रों का समग्र विवरण प्रस्तुत करते हुए सम्मेलन के दौरान सामने आए प्रमुख विषयों, निष्कर्षों एवं दृष्टिकोणों को रेखांकित किया गया।
रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि तकनीकी सत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), क्षेत्र-स्तरीय सत्यापन, मतदाता सूचियों की शुद्धता एवं समावेशिता, प्रवासन एवं गतिशीलता, लैंगिक मुद्दों एवं वंचित समुदायों, युवा सहभागिता तथा निर्वाचन साक्षरता पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रवासी श्रमिकों, जनजातीय एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की आबादी तथा निर्वाचन प्रक्रिया से वंचित होने की आशंका वाले अन्य समूहों के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया गया।
मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूचियों से संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रथाओं और अनुभवों पर भी चर्चा हुई, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, एस्टोनिया, स्वीडन, घाना एवं दक्षिण अफ्रीका सहित विभिन्न देशों की निर्वाचन प्रणालियों और प्रथाओं का उल्लेख किया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि मतदाता पंजीकरण का कोई एक सार्वभौमिक मॉडल नहीं हो सकता और प्रत्येक देश की प्रणाली को उसकी संवैधानिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप होना चाहिए। विचार-विमर्श में इस बात पर बल दिया गया कि मतदाता पंजीकरण को एक गतिशील एवं नागरिक-केंद्रित प्रक्रिया के रूप में देखा जाना चाहिए, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करना हो।
प्रौद्योगिकी और मतदाता सूची प्रबंधन के बीच बढ़ता समन्वय भी चर्चा का एक प्रमुख विषय रहा। प्रतिभागियों ने कार्यकुशलता बढ़ाने, विसंगतियों एवं दोहराव की पहचान करने तथा मतदाता सूचियों के सतत अद्यतीकरण को सुगम बनाने में डिजिटलीकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence), मशीन लर्निंग (Machine Learning) एवं स्वचालित प्रणालियों के संभावित उपयोग पर विचार किया। साथ ही सम्मेलन में डेटा गोपनीयता, साइबर सुरक्षा, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं मानवीय निगरानी के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपायों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। विधिक सत्रों में मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची प्रबंधन से संबंधित संवैधानिक एवं वैधानिक प्रावधानों, न्यायिक हस्तक्षेपों तथा संस्थागत उत्तरदायित्वों पर भी चर्चा की गई।
सम्मेलन में हुए विचार-विमर्श का सार प्रस्तुत करते हुए रैपोर्टियर रिपोर्ट में कहा गया कि शुद्ध, सुलभ एवं समावेशी मतदाता सूची लोकतांत्रिक सहभागिता एवं निर्वाचकीय शुचिता का एक मूलभूत स्तंभ है। सम्मेलन में निर्वाचन प्राधिकारों, सरकारों, न्यायपालिका, शिक्षण एवं शोध संस्थानों, नागरिक समाज, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों तथा नागरिकों के बीच निरंतर सहयोग पर बल दिया गया, ताकि ऐसी निर्वाचन प्रक्रियाएं विकसित की जा सकें जो समावेशी, पारदर्शी, सहभागितापूर्ण, तकनीकी रूप से उन्नत एवं लोकतांत्रिक रूप से सुदृढ़ हों।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार; राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता; उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. धीरज कुमार ठाकुर; प्रो. आलोक कुमार गुप्ता; डॉ. अपर्णा; डॉ. चार्वाक पति; डॉ. शुभ्रा रजत; डॉ. आनंदकुमार आर. शिंदे; डॉ. बी. के. सिन्हा; डॉ. आशुतोष कुमार पांडेय; सुजय कुमार सहित शिक्षाविद्, शोधकर्ता, विद्यार्थी, छात्र स्वयंसेवक, निर्वाचन विभाग के नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर्स तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts

Latest News



