आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला, भाजपा ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
निष्पक्ष और त्वरित जांच कर पूरी साजिश उजागर करने की मांग
रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना स्थल का जायजा लिया। भाजपा ने राज्य सरकार को दोषियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी और संघ कार्यालय के पास स्थायी पुलिस चौकी बनाने की मांग करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
रांची: निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना को दुखद और कायरतापूर्ण बतलाते हुए झारखंड भाजपा ने राज्य की विधि व्यवस्था पर सवाल उठाया है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य नेताओं ने संघ कार्यालय पहुंचकर मामले का जायजा भी लिया। भाजपा का मानना है कि यह कोई छोटी घटना नहीं है। घटना के पीछे की पूरी साजिश का फर्दाफाश होना आवश्यक है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस हमले को कायरतापूर्ण, निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बतलाया अपराधियों का मनोबल राज्य में बढ़ा हुआ है। करोड़ों की आस्था का केंद्र और राष्ट्रीय सेवाभाव से काम करने वाले संघ कार्यालय पर राजधानी में नाक के नीचे इस प्रकार की घटना बताती है कि अपराधियों को पुलिस प्रशासन का कोई भय नहीं है, वे समानांतर सरकार चला रहे हैं। जब इतने बड़े सामाजिक संस्थान का कार्यालय सुरक्षित नहीं है तो फिर आम लोग कैसे सुरक्षित रह पाएंगे?


साहू ने राज्य सरकार एवं प्रशासन से इस मामले में संलिप्त दोषियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा इस घटना के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी घटना की सूचना पर निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने इस घटना को अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताया है।
उन्होंने कहा कि आरएसएस जैसे वैचारिक संगठन के कार्यालय पर इस प्रकार का हमला कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। यह बड़ी घटना है। इस घटना के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी निष्पक्ष और त्वरित जांच कर पूरे मामले का जल्द उद्भेदन किया जाना आवश्यक है। ऐसे कृत्यों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने रांची एसपी, डीसी एवं डीजीपी से वार्ता कर इस मामले के दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संघ कार्यालय के समीप स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है। साथ ही इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, यह सुनिश्चित की जानी चाहिए।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने घटना में संलिप्त अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


