Pakur News: NEET परीक्षा 2026 को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की हाई-लेवल समीक्षा
प्रवेश द्वार पर होगी सघन जांच और पहचान सत्यापन
पाकुड़ समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में नीट (NEET) परीक्षा 2026 के संचालन हेतु समीक्षा बैठक हुई। जिले के दो केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय परीक्षा में 548 परीक्षार्थियों के लिए एसओपी के तहत त्रिस्तरीय सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और मेडिकल टीम की विधिक व्यवस्था की गई है।
पाकुड़: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डिस्ट्रिक्ट सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका), पाकुड़ में 188 तथा पाकुड़ पॉलिटेक्निक में 360 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 548 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का आयोजन अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों का प्रवेश पूर्वाह्न 11:00 बजे से प्रारंभ होगा तथा अपराह्न 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।


उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि रिपोर्टिंग समय, सुगम प्रवेश, परीक्षा अवधि के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षार्थियों को बिना किसी असुविधा के परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षार्थी केवल एडमिट कार्ड एवं वैध फोटो पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्टेशनरी सामग्री, आभूषण अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तु परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। परीक्षा केंद्र परिसर में केवल परीक्षा संचालन से जुड़े पदाधिकारी, वीक्षक एवं अधिकृत कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। उन्होंने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर केंद्राधीक्षक के निर्देशानुसार आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़, अंचलाधिकारी पाकुड़, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


