Ranchi news: “महिला को दिया गया ऋण कभी नहीं डूबता” राज्यपाल ने किया व्यक्तिगत अनुभव साझा
राज्यपाल ने बरेली के सहकारी बैंक का उदाहरण देकर बताया महिला उद्यमिता की शक्ति
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड की महिलाएं अब केवल आर्थिक रूप से नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी सशक्त हो रही हैं. उन्होंने लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की भी सराहना की, और विश्वास जताया कि ये महिलाएं भविष्य की समाज निर्माणकर्ता बनेंगी.
रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज माईकल जॉन प्रेक्षागृह, जमशेदपुर में स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में संचालित स्वावलंबी झारखंड माइक्रो वेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर (SJMDC) द्वारा आयोजित ‘तेरहवां वार्षिक लघु ऋण वितरण समारोह’ को संबोधित करते हुए संस्था को महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए बधाई दी तथा कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में आये आत्मबल, आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है.
राज्यपाल ने कहा कि आज भी देश की लाखों महिलाएं, विशेषकर ग्रामीण और वंचित वर्ग की, परंपरागत बैंकिंग प्रणाली से दूर हैं. ऐसी स्थिति में इस प्रकार की संस्थाओं द्वारा उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान कर आत्मबल, विश्वास एवं स्वावलंबन की राह दिखाना सराहनीय है. उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं अब लघु लेकिन सशक्त उद्यमों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक रीढ़ बन चुकी हैं.

