राज्य चलाने की क्षमता नहीं तो गद्दी छोड़ दें हेमंत सरकार: राधामोहन अग्रवाल
डॉ राधामोहन अग्रवाल ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
अग्रवाल ने कहा की जीएसटी दरों में आम जनता से जुड़ी दैनिक आवश्यकता की वस्तुओं पर भारी कमी की गई है। अब जीएसटी की दरें दो कर दी गई जिसमें 5%और 18% शामिल है।जबकि विलासिता की वस्तुओं पर 40% का स्लैब किया गया है।
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवम सांसद डॉ राधामोहन अग्रवाल ने राज्य की हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ 50 हजार करोड़ का घाटा सहकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को अपने वादों के अनुरूप जीएसटी दरों में भारी कटौती कर राहत दिया है। दूसरी ओर हेमंत सरकार अपने दो हजार करोड़ का घाटा का रोना रोते हुए विरोध दर्ज कर रही।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने तो कभी पैसे की कमी का रोना नहीं रोया। आज दुनिया का औसत विकास दर मात्र 3% है तो भारत का विकास दर पिछली तिमाही में 7.8% रहा है। अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बजट में 12 लाख तक की आय पर टैक्स जीरो कर दिया है, जिससे भारत सरकार को तीन लाख करोड़ रुपए की आय घटी और अब जीएसटी में स्लैब घटाया तो 50 हजार करोड़ रुपए का घाटा होगा। अगर राज्य सरकार राज्य की जनता को सुविधा से वंचित रखना चाहती है तो ऐसी सरकार को गद्दी छोड़ देना चाहिए।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जवाब देना चाहिए कि आखिर अमीर गरीब के लिए एक जैसा टैक्स स्लैब लाने की बात कर राहुल गांधी जी जनता को कैसी अर्थ व्यवस्था देने की बात करते हैं। यह तो अमीरों की दलाली और गरीबों को चूसने वाली सोच है। राहुल गांधी सारा धन 22 पसेरी करना चाहते हैं। प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता अजय साह भी शामिल थे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts

Latest News

