नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद में पुलिस-कोयला माफिया गठजोड़ पर उठाए गंभीर सवाल
मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कराने की सीधी मांग
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद में पुलिस और कोयला माफिया के कथित गठजोड़ पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बीसीसीएल सीएमडी को मिल रही धमकियों और वैध कोयला परिवहन में आ रही बाधाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद में पुलिस–कोयला माफिया के गठजोड़ और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार पर करारा प्रहार किया है। मरांडी ने सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि धनबाद में अब सवाल सिर्फ कोयला चोरी का नहीं, बल्कि कथित पुलिस–कोयला माफिया गठजोड़ का भी है।
https://twitter.com/yourBabulal/status/2088225317228007755?s=20

उन्होंने कहा कि आरोप बेहद गंभीर हैं कि अवैध खनन पर केंद्रीय एजेंसियों की सख्ती के बाद BCCL के वैध खनन और परिवहन को ही परेशान करने की रणनीति अपनाई जा रही है, ताकि अधिकारियों पर दबाव बने और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कमजोर पड़े। यदि ऐसा है तो यह प्रशासन नहीं, माफिया तंत्र को सरकारी संरक्षण देने का मामला है और इसकी स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
मरांडी ने मुख्यमंत्री से कहा है कि सत्ता की ताकत से सवाल दब सकते हैं, लेकिन सच नहीं। कोयला, बालू और पत्थर के काले कारोबार पर कार्रवाई से इतनी बेचैनी क्यों? धनबाद पुलिस पर लगे माफिया गठजोड़ के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराइए और बताइए कि पुलिस की वर्दी कानून के साथ खड़ी है या कोयले के काले कारोबार के साथ? धनबाद को पुलिस चाहिए, कोयला माफिया की सुरक्षा एजेंसी नहीं।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.










