गोला के सोसो कलां और सोसो खुर्द में नल-जल योजना ठप, एक सप्ताह से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण
महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही सबसे ज्यादा दिक्कत
गोला प्रखंड के सोसो कलां और सोसो खुर्द गांव में मोटर जलने के कारण पिछले एक सप्ताह से नल-जल योजना की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। गांव के चार चापाकल और मिनी जलमीनार भी वर्षों से खराब पड़े हैं, जिससे भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गोला: सरकार की महत्वाकांक्षी घर-घर नल-जल योजना गोला प्रखंड के सोसो कंला सोसो खुर्द गांव में दम तोड़ती नजर आ रही है। बीते एक सप्ताह से जलमीनार से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जिससे ग्रामीणों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने को विवश हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जलापूर्ति बंद होने का मुख्य कारण जलमीनार का मोटर जल जाना है। वहीं सोसो कलां सोसो खुर्द टोला में लगे चार चापाकल वर्षों से खराब पड़े हैं। इतना ही नहीं, विद्यालय के समीप स्थापित मिनी जलमीनार भी लंबे समय से बंद है। इसके कारण लोगों को दूसरे घरों और दूर-दराज के स्रोतों से पानी मांगकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।
गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं कि किसी भी गांव में पेयजल संकट नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद संबंधित विभाग और अधिकारियों की उदासीनता साफ दिखाई दे रही है। खराब पड़े चापाकलों और जलमीनार की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
