Palamu News: मेदिनीनगर में छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ सूर्या सोनल सिंह का एक दिवसीय सत्याग्रह
जेपीएससी व जेएसएससी में पारदर्शिता की मांग
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर मेदिनीनगर के कचहरी परिसर में 10 अगस्त को रांची में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सूर्या सोनल सिंह के नेतृत्व में एक दिवसीय शांतिपूर्ण सत्याग्रह व अनशन आयोजित किया गया। इस दौरान काली पट्टी बांधकर युवाओं और अभिभावकों ने घटना की निष्पक्ष जांच और जेपीएससी/जेएसएससी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग की।
पलामू: मेदिनीनगर मे अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर कचहरी परिसर में “झारखंड छात्र न्याय सत्याग्रह — लाठी का जवाब लोकतंत्र से” के तहत 10 अगस्त को रांची में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई एवं लाठीचार्ज के विरोध में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना एवं सत्याग्रह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सूर्या सोनल सिंह ने किया और वे छात्रों के समर्थन में एक दिवसीय अनशन पर बैठे।
धरने में शामिल सूर्या सोनल सिंह सहित छात्रों, युवाओं, अभिभावकों एवं उपस्थित समर्थकों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। काली पट्टी के माध्यम से 10 अगस्त को छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए छात्रों के साथ एकजुटता का संदेश दिया गया।

सूर्या सोनल सिंह ने कहा कि आज का सत्याग्रह पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है। उन्होंने 10 अगस्त की घटना की निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई तथा घायल छात्रों को उचित मुआवजा और चिकित्सा सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों से तत्काल संवाद स्थापित कर उनकी जायज मांगों के समाधान की दिशा में ठोस एवं समयबद्ध पहल करनी चाहिए।
सूर्या सोनल सिंह ने कहा, “15 अगस्त हमारा स्वतंत्रता दिवस है—आजादी, लोकतंत्र और अधिकारों का उत्सव। हम चाहते हैं कि सरकार छात्रों की आवाज सुने और न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाए। यदि छात्रों के साथ न्याय नहीं होता और उनका आंदोलन जारी रहता है, तो स्वतंत्रता दिवस के बाद मैं स्वयं रांची पहुंचकर छात्रों के साथ लोकतांत्रिक सत्याग्रह में बैठूंगा और उनके न्याय की लड़ाई में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और इस लड़ाई को पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रमुख मांगें
- 10 अगस्त की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच।
- दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई।
- घायल छात्रों को उचित मुआवजा एवं चिकित्सा सहायता।
- छात्रों की मांगों पर सरकार द्वारा तत्काल संवाद।
- JPSC/JSSC एवं नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और समयबद्ध समाधान।
- शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा।
सूर्या सोनल सिंह ने कहा, “हमारा विरोध किसी टकराव के लिए नहीं है। हमारा उद्देश्य छात्रों के न्याय, सम्मान और उनके भविष्य से जुड़े सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाना है। लाठी का जवाब लाठी से नहीं, लोकतंत्र से देंगे।” उन्होंने पलामू के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों का सत्याग्रह में शामिल होकर छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद करने के लिए आभार व्यक्त किया।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.









