Palamu News: मालवरिया बस्ती के पास बाइक-मोबाइल लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़
भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
पलामू के हुसैनाबाद में एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने महज 24 घंटे के भीतर मालवरिया बस्ती के समीप हुई बाइक और मोबाइल लूटकांड का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने लोटनिया गांव के दो बालिग और दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई स्प्लेंडर बाइक व नथिंग मोबाइल बरामद कर लिया है।
पलामू: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मालवरिया बस्ती के समीप सुनसान सड़क पर बाइक सवार युवक से मारपीट कर बाइक और मोबाइल लूटने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) के माध्यम से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई बाइक एवं मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार घटना चार जून 2026 की रात करीब ढाई बजे की है। पीड़ित के आवेदन के आधार पर हुसैनाबाद थाना में कांड संख्या 126/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) एवं 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या जेएच-03 एएन-7053 वसीम अख्तर के घर से तथा नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन उज्ज्वल उपाध्याय के घर से बरामद किया गया।पुलिस ने इस मामले में लोटनिया निवासी 20 वर्षीय उज्ज्वल कुमार उपाध्याय तथा 21 वर्षीय वसीम अख्तर को गिरफ्तार किया है। वहीं दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला, थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रमण यादव तथा हुसैनाबाद थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


