Koderma News: सांस्कृतिक और खेलकूद का संगम: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में रवींद्रनाथ टैगोर जयंती और वर्ल्ड एथलेटिक्स डे का भव्य आयोजन
गुरुदेव की जयंती हमें सुदृढ़ होने की प्रेरणा देती है निदेशक संगीता शर्मा
मॉडर्न पब्लिक स्कूल में रवींद्रनाथ टैगोर जयंती और वर्ल्ड एथलेटिक्स डे के अवसर पर कला और खेल का अनूठा संगम दिखा, जहाँ मानवतावादी दर्शन के साथ शारीरिक स्वास्थ्य पर जोर दिया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आज साहित्य और स्वास्थ्य का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में विश्व कवि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती और वर्ल्ड एथलेटिक्स डे अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य गुरुचरण वर्मा, शिक्षकों एवं छात्र प्रतिनिधियों द्वारा कविगुरु के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। नवमी के छात्र सोमोदित्य सरकार ने अपने मनमोहक भाषण से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने टैगोर के प्रसिद्ध कालजयी गीत 'एकला चलो रे' का गायन कर 'अकेले भी सत्य के पथ पर चलने' का सशक्त संदेश दिया। हिंदी विभागाध्यक्ष टीपू सिंह और राजीव रंजन मिश्रा ने गुरुदेव के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने शिक्षा को चारदीवारी से निकालकर प्रकृति की गोद में पहुँचाया।
खेलकूद के माध्यम से शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। खेल शिक्षक सुमित कुमार ने बताया कि इस वर्ष की थीम मूव फ़ॉर हेल्थ है। विद्यालय ने 'नो-एलिमिनेशन फॉर्मेट' अपनाया ताकि हर बच्चा कम से कम एक स्पर्धा में भाग ले सके। स्पोर्ट्स कोच अमित कुमार ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन एक घंटा खेल को समर्पित करने की शपथ दिलाई।

समारोह के अंत में निर्देशिका संगीता शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन सभागार में उपस्थित सभी लोगों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.
