Giridih News: 30 हाथियों के झुंड ने किसानों की 8 एकड़ फसल रौंदी, घरों को पहुंचाया नुकसान
घर की खिड़की तोड़कर दो क्विंटल अनाज खा गए हाथी
सरिया वन क्षेत्र के नावाडीह निमाटांड गांव में 30 हाथियों के झुंड ने भारी उत्पात मचाते हुए 8 एकड़ फसल और कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही और मुआवजा न देने का आरोप लगाते हुए जल्द राहत की मांग की है।
गिरिडीह: सरिया वन क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह निमाटांड गांव में इन दिनों 25 से 30 हाथियों के एक बड़े झुंड ने किसानों का जीवन मुश्किल कर दिया है। बीती रात हाथियों के इस झुंड ने गांव में जमकर उत्पात मचाया और किसानों की फसलों, बागवानी तथा घरों को भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के झुंड ने रामा यादव, द्वारिका यादव, अर्जुन यादव और भुनेश्वर यादव समेत कई किसानों की लगभग 7-8 एकड़ जमीन पर लगी मकई, भिंडी, झिंगी, लौकी, टमाटर, गन्ना और अन्य फसलों को पूरी तरह रौंद डाला। केला के पौधे नष्ट कर दिए गए, जबकि आम के बगीचे को पैरों तले कुचल दिया।
कई फल देने वाले आम के पेड़ भी तोड़ दिए गए।झुंड एक घर तक पहुंच गया, जहां हाथियों ने खिड़की तोड़कर अंदर घुसकर करीब दो क्विंटल चावल, आटा और सरसों खा लिया। घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिए। पीड़ित अर्जुन यादव ने बताया कि इस घटना में उनका करीब 70 से 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार, पिछले 15 वर्षों से हाथियों का यह झुंड बार-बार उनके खेतों और घरों में घुसता रहा है, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो चुका है। किसानों का आरोप है कि वन विभाग को कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक एक भी रुपये का मुआवजा नहीं मिला।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
