Koderma News: शादी समारोह में पहुंचे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, कई घायल
भोजन व्यवस्था को लेकर वर-वधू पक्ष में हिंसक झड़प
कोडरमा के ध्वजाधारी धाम में शनिवार रात शादी के दौरान बारातियों के खाने की व्यवस्था को लेकर वर और वधू पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर कुर्सियां चलीं, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। वधू के पिता विजय सिंह ने आरोप लगाया कि तय शर्तों के उल्लंघन पर वर पक्ष ने गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के बाद पिता ने शादी तो संपन्न करा दी, लेकिन बेटी की विदाई रोकते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
कोडरमा: ध्वजाधारी पहाड़ गेट पर विवाह की खुशी अचानक विवादों में उलझ गई। विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंचा जिससे दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग घायल हो गए। दरअसल शनिवार की रात कोडरमा स्थित ध्वजाधारी धाम में एक शादी समारोह का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान अचानक वर और वधू पक्ष में बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में मारपीट पर उतारू हो गए। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। जानकारी देते हुए वधू के पिता विजय सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री निर्मला की शादी जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डंडाडीह के रहने वाले विजय सिंह के पुत्र अनूप सिंह से तय की थी।
जिसका विवाह 25 अप्रैल को कोडरमा स्थित ध्वजाधारी धाम में होना था। उन्होंने बताया कि शादी से पूर्व 23 अप्रैल को वह अपनी बेटी का लग्न लेकर विजय सिंह के डंडाडीह स्थित घर पर पहुंचे। इस दौरान सारी बातें तय हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया था कि वधू पक्ष के साथ आने वाले लोगों के खाने-पीने की व्यवस्था उनके द्वारा की जाएगी। जबकि वर पक्ष की ओर से आने वाले बारातियो के खाने-पीने की व्यवस्था वर पक्ष स्वयं करेंगे। बीती रात जब शादी की रस्में चल रही थी कि इसी दौरान वर के भाई जितेंद्र और उनके बहनोई इनके पास आए और बारातियों के भोजन की व्यवस्था करने को लेकर विवाद करने लगे। जिस पर उन्होंने कहा कि वर पक्ष बारातियों के खाने पीने की व्यवस्था स्वयं करेंगे। इसी बात को लेकर वे लोग गाली गलौज करने लगे।


Related Posts

